मांगलियावास बांगड़ ग्राम रेल खंड की डबलिंग का सीआरएस ने किया निरीक्षण
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर| अजमेर
अजमेर रेल मंडल के मांगलियावास से बांगड़ ग्राम तक की डबलिंग लाइन का निरीक्षण गुरुवार को सीआरएस सुशील चंद्रा ने डीआरएम पुनीत चावला की मौजूदगी में किया। मांगलियावास बांगड़ ग्राम स्टेशनों के बीच 23.05 किलोमीटर की दूरी है। लंबे दोहरीकृत मार्ग का निरीक्षण रेल संरक्षा आयुक्त, पश्चिम क्षेत्र, मुम्बई सुशील चंद्रा द्वारा किया गया। रेल संरक्षा आयुक्त सुशील चंद्रा द्वारा इस खंड के स्टेशन, ब्रिज, ट्रैक, ज्वाइंट कांटों आदि का निरीक्षण किया गया। स्पीड ट्रायल द्वारा इस ट्रैक की गति क्षमता की जांच की गई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक पुनीत चावला सहित मंडल के अन्य कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित थे। चावला ने बताया कि इस वर्ष अजमेर मंडल पर दोहरीकरण के लिए 435.20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। 354 किलोमीटर के अजमेर-पालनपुर खंड का दोहरीकरण अलग अलग पेच में किया जा रहा है। यह कार्य दिसंबर 2018 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। रेल संरक्षा आयुक्त, पश्चिम क्षेत्र, मुम्बई सुशील चंद्रा द्वारा मांगलियावास व बांगड़ ग्राम के बीच दोहरीकृत मार्ग का सघन निरीक्षण किया गया। अजमेर मंडल पर अब तक 142 किलोमीटर रेल मार्ग का दोहरीकरण हो चुका है और अब मांगलियावास व बांगड़ ग्राम के बीच 23.05 किलोमीटर मार्ग का दोहरीकरण भी पूरा हो गया है। रेल संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति के बाद इस मार्ग पर संचालन शुरू होगा।