रेलवे के कार्यों को मीडिया ने प्रभावी रूप से जनता के बीच रखा : चावला
डीआरएम पुनीत चावला ने कहा कि मीडिया ने रेलवे के विकास कार्यों की जानकारी को आमजन के बीच प्रभावी रूप से रखा, जिसका निश्चित तौर पर रेलवे और उन्हें फायदा मिला। मीडिया को साथ लेकर कार्य करने का अनुभव जो अजमेर में उन्हें मिला, वह कहीं और नहीं मिला। वे अजमेर से आंतरिक रूप से इतने जुड़ चुके हैं कि अब वह यहां से सदा जुड़े रहेंगे। यह मौका था डीआरएम पुनीत चावला की ओर से अजयमेरू प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विदाई समारोह का। चावला का माल्यार्पण कर उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया गया और क्लब की स्मारिका भी भेंट की गई।
चावला ने कहा कि सकारात्मक बात रही हो या फिर नकारात्मक, उनकी ओर से कभी छिपाई नहीं गई। जितनी ज्यादा जानकारी उन्होंने मीडिया के साथ साझा की, उतना ही फायदा उन्हें मिला। चावला ने इस मौके पर क्लब की ओर से आयोजित सेलिब्रेटी नाइट का जिक्र करते हुए वे पल भी याद किए, जब उन्होंने अपने व्यस्त शिड्यूल में भी स्टेज पर गीत गाया। चावला ने कहा कि यह तभी संभव हो पाया जब क्लब सदस्यों ने उनका सहयोग किया। वे सोच भी नहीं सकते थे कि वे कभी स्टेज पर गीत भी गा सकते है।
अजमेर का मिलता रहेगा सहयोग
क्लब के संस्थापक सदस्य डॉ. रमेश अग्रवाल ने कहा कि पूर्व डीआरएम नरेश सालेचा के बाद पुनीत चावला ने शहर के लिए कई काम किए। इस ओहदे पर काम करने वाले रेलवे अधिकारी पहले फ्रेंडली नहीं हुआ करते थे, यही कारण रहा कि शहर के कई काम रेलवे के सहभागिता के बगैर लंबे समय तक रुके रहे। चावला ने अपने कार्यकाल में न केवल रेलवे बल्कि रेल यात्रियों एवं अजमेर शहर के लिए कार्य किया। चावला भले ही भौतिक रूप से दूर जा रहे हैं, मगर उनका साथ अजमेर को सदा मिलता रहेगा। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष प्रताप सिंह सनकत ने आभार व्यक्त किया। महासचिव विनीत लोहिया ने संचालन किया।
अजयमेरू प्रेस क्लब की ओर से डीआरएम चावला को विदाई दी गई।