दरगाह कमेटी के मार्गदर्शन के लिए बन सकती है एडवाइजरी कमेटी
अजमेर| महान सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह का प्रबंधन संभालने वाली दरगाह कमेटी को मार्गदर्शन देने के लिए एक अलग से प्रबंधन कमेटी गठित की जा सकती है। इस दिशा में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्रालय कोशिश कर रहा है। इस नई कमेटी को लेकर मंत्रालय ने दरगाह दीवान के साथ ही खादिमों की संस्थाओं से भी सदस्यों के नाम और सुझाव मांगे हैं। दरगाह से जुड़े पक्षों का कहना है कि यह कमेटी दरगाह कमेटी से अलग होगी और उसका कार्य दरगाह कमेटी को विभिन्न मुद्दों पर सुझाव देना होगा। इस कमेटी में कुल कितने मेंबर होंगे और इसके क्या-क्या कार्य होंगे, इसके संबंध में अभी विस्तार से जानकारी नहीं मिली है। इधर, दरगाह कमेटी के नए सदस्यों की नियुक्ति को लेकर भी मंत्रालय कवायत कर रहा है।
2 सदस्यों के कार्यकाल मई और जून में पूरे होंगे: दरगाह क्षेत्र में नई कमेटी को लेकर चर्चाएं हैं, हालांकि सरकार द्वारा गजट नोटिफिकेशन जारी कर नए सदस्यों के नामों की घोषणा की जाएगी, लेकिन इसके बावजूद दरगाह क्षेत्र में अलग-अलग नामों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।