श्रीमाली 20 को संभालेंगे वीसी का कार्यभार
अजमेर| दिनभर की जद्दोजहद के बाद आखिर मंगलवार शाम को राजभवन से एमडीएस यूनिवर्सिटी को नए कुलपति प्रो. विजय श्रीमाली की नियुक्ति के आदेश मिल ही गए। रात तक राजभवन से नियुक्ति आदेश जारी होने को लेकर भी चर्चाएं चलती रही। एमडीएस यूनिवर्सिटी में मंगलवार शाम तक आदेश पहुंच गए। प्रो. श्रीमाली शुक्रवार को कार्यभार संभालेंगे। कुलाधिपति एवं राज्यपाल कल्याण सिंह ने कुलपति सर्च समिति की सिफारिश व राज्य सरकार के परामर्श से मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विजय श्रीमाली को तीन वर्ष के लिए महर्षि दयानंद सरस्वती विवि का कुलपति नियुक्त किया है। मीडिया प्रभारी डॉ. राजू शर्मा ने बताया कि प्रो. श्रीमाली 20 अप्रैल को सुबह 11 बजे पदभार ग्रहण करेंगे। प्रो. श्रीमाली ने बताया कि यूनिवर्सिटी में विभागों में यूजीसी के नियमानुसार पूरी फैकल्टी रखने पर पूरा फोकस रहेगा। जहां रिक्त पद होंगे, उन्हें भरने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। यूनिवर्सिटी की अन्य कमियों को भी दूर करने के प्रयास रहेंगे।
प्रो. विजय श्रीमाली
प्राे श्रीमाली : विभिन्न पदों पर दे रहे हैं सेवाएं
प्रो. श्रीमाली एमकॉम पीएचडी हैं। अध्यापक का 30 साल का अनुभव है। इसके अलावा फैकल्टी ऑफ लॉ, फैकल्टी ऑफ कॉमर्स के डीन व चेयरमैन भी रहे हैं। साथ ही राजीव गांधी जनजातीय विवि, कोटा विवि की सेलेक्शन कमेटी के सदस्य रहे हैं। कोटा विवि में सरकार द्वारा मनोनीत बॉम के सदस्य, काेटा विवि में ही वित्तीय समिति सदस्य रहे। एमडीएस यूनिवर्सिटी में बोर्ड ऑफ स्टडीज के सदस्य रहे हैं। इनके अलावा मोहनलाल सुखाड़िया विवि में भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी प्रो. श्रीमाली के पास थी।