पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Ajmer
  • 1762 लोगों को मिलेगा 5 लाख तक का भुगतान, 6149 खाताधारक बेपरवाह

1762 लोगों को मिलेगा 5 लाख तक का भुगतान, 6149 खाताधारक बेपरवाह

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दी अजमेर अरबन को-आपरेटिव बैंक से अपनी जमा राशि लेने का इंतजार कर रहे खाताधारकों के लिए खुश खबर है। 5 लाख रुपए जमा वाले 1762 सदस्यों को अगले जून माह से अपनी जमा राशि मिल पाएगी।

जून के प्रथम सप्ताह से ऐसे सदस्यों को करीब 33 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए सारी कार्रवाई पूरी कर ली गई है सिर्फ सहकारिता महकमे के रजिस्ट्रार की मंजूरी का ही इंतजार है। इसकी मंजूरी मिलने में भी कोई अड़चन नहीं है लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि बैंक के 6149 खाताधारकों ने अपनी तीन करोड़ 40 लाख की राशि लेने की खातिर क्लेम तक नहीं किया है। ऐसे सदस्य अपनी जमा राशि लेने की खातिर अब भी क्लेम कर सकते हैं। अरबन कोऑपरेटिव बैंक की हालत इतनी दयनीय हो गई थी कि वह खून पसीने से बैंक में जमा करवाई गई राशि भी नहीं दे पाया। कई लोग ऐसे भी थे जिन्होंने अपनी संतानों की शादी करने के लिए राशि जोड़कर बैंक में जमा करवाई थी लेकिन उन्हें अपनी खुद की जमा राशि भी बैंक से नहीं मिल सकी और ब्याह करने के लिए उन्हें दर-दर की ठोकरे खाने को मजबूर होना पड़ा। बैंक में जमा राशि को लेने के लिए खूब धरने प्रदर्शन भी हुए लेकिन लंबे समय तक लोगों को एक धेला भी नसीब नहीं हो पाया। खाताधारकों से लेकर नेताओं का दबाव पड़ने के बाद सरकार हरकत में आई और मामला सरकार से लेकर रिजर्व बैंक तक पहुंचा। आखिर खाताधारकों की कोशिशें कामयाब हुई। बैंक ने प्रथम चरण में एक लाख तक की जमा राशि वाले 5767 खाताधारकों को 28.71 करोड़ का भुगतान किया गया।

जून के प्रथम सप्ताह से ही उन खाताधारकों को भुगतान दिया जाएगा जिनके बैंक में 5 लाख तक जमा है। यह भुगतान भी सिर्फ 1762 उन खाताधारकों को किया जाएगा जिन्होंने क्लेम कर रखा है। इसके लिए रजिस्ट्रार से अनुमति ली जा रही है। जिन लोगों ने अपनी जमा राशि लेने के लिए अभी क्लेम नहीं किया है वह अब भी नियमानुसार क्लेम कर सकते हैं। -जीएल गुप्ता, अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारिता

अरबन बैंक के जमाकर्ताआें के जून में खिलेंगे चेहरे

अब 5 लाख तक जमा वाले लोगों को मिलेगी राशि

बैंक में 5 लाख रुपए जमाओं वाले 1762 ने क्लेम प्रस्तुत किया था। बैंक के पास अभी स्टॉक राशि व एफडीआर मिलाकर 33 करोड़ की राशि उपलब्ध है। इन सदस्यों को भी लगभग इतनी ही राशि का भुगतान करना है। बैंक अपने ऋणियों से सख्ती कर रिकवरी करने के मूड में है। अगर रिकवरी आती है तो 5 लाख तक जमाओं वाले खाताधारकों को पूरी राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। एेसे में बैंक को 33 करोड़ का भुगतान करना है लेकिन रिकवरी पूरी नहीं आती है तो फिर 4 लाख तक जमा राशि वाले खाताधारकों को 30 करोड़ का भुगतान किया जाएगा।

5 लाख से ज्यादा जमा वाले 267 लोगों का क्या?

बैंक 5 लाख से कम जमा राशि वाले खाताधारकों को तो भुगतान देने की स्थिति में आ गया है लेकिन जिन 267 खाताधारकों के बैंक में 5 लाख से अधिक राशि जमा है, उनको भुगतान करने का अभी बैंक के पास कोई जवाब नहीं है। ऐसे खाताधारकों के बैंक में 19 करोड़ रुपए जमा है। हालांकि बैंक इस जुगाड़ में लगा हुआ है कि जिन लोगों में ऋण बकाया है उनसे किसी भी तरह से ऋण वसूल कर ऐसे खाताधारकों को राशि का भुगतान करें।

खबरें और भी हैं...