अगरबत्ती कारोबारी के मकान में आग लगने से चार लाख का सामान जला
अजमेर | आदर्शनगर पुलिस थाना क्षेत्र स्थित बालूपुरा रोड पर स्थित एक अगरबत्ती कारोबारी के मकान में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। घर के बाहरी हिस्से में लगा हुआ एसी आग की लपटों से घिर गया। घटना के समय मकान में कोई नहीं था। परिवार के सभी लोग अजमेर से बाहर गए हुए थे।
मकान मालिक गिरीश बाशानी के परिचित ने बताया कि एसी से निकल रही आग के लपटों की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। आग से कमरे के भीतर करीब चार लाख का फर्नीचर और अन्य सामान जल गया। बाशानी ने बताया कि सोमवार की शाम आए अंधड़ के बाद से ही इंडस्ट्रीयल एरिया व आस पास के इलाके में बिजली का पावर कम ज्यादा आ रहा था। इसी से कहीं शॉर्ट सर्किट होने की संभावना है।