पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Ajmer
  • नया सिस्टम ठीक से काम नहीं कर पाने के कारण अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी

नया सिस्टम ठीक से काम नहीं कर पाने के कारण अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजस्थान लोक सेवा आयोग भर्ती परीक्षाओं के विज्ञापन जारी करने का रिकॉर्ड बनाने के बाद अब एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। आयोग इतिहास में संभवतया ऐसा पहली बार हो रहा है जब केवल एक पद की भर्ती के लिए आयोग ने करीब 60 दिन यानी दो महीने का समय ऑन लाइन आवेदन के लिए दे दिया है। जबकि पूर्व में एक महीने से 40 दिन में ही आवेदन पूरे कर लिए जाते थे। इस बार यह सब संभव हो रहा है आयोग द्वारा अपनाए न्यू एप्लीकेशन ऑन लाइन पोर्टल थ्रो एसएसओ एंड आधार कार्ड की बदौलत। ऐसा भी पहली बार हुआ है कि ऑनलाइन आवेदन में आ रही परेशानी का मामला कोर्ट तक भी पहुंच गया।

आयोग द्वारा पूर्व में केवल आरएएस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन के लिए एक महीने से डेढ़ महीने का समय दिया जाता रहा है। यदि किसी भर्ती में पदों की संख्या में बढ़ोतरी होने अथवा संबंधित विभाग द्वारा आरक्षण आदि को लेकर कोई बड़ा संशोधन किया जाता था, तो आयोग संबंधित भर्ती परीक्षा के लिए ऑन लाइन आवेदन की तिथि कुछ और बढ़ा देती थी। लेकिन सॉफ्टवेयर और सरवर में प्रॉब्लम के चलते संभवतः पहली बार ऐसा हुआ है कि आयोग को एक साथ सभी भर्ती परीक्षाओं की तिथियों में वृद्धि करनी पड़ी।

एक पद के लिए 60 दिन में आवेदन, 980 पदों के लिए 50 दिन, लेटलतीफी का नया रिकॉर्ड

एक कारण यह भी...

पद एक, आवेदन के लिए 60 दिन

आयोग ने 2 अप्रेल से इस पोर्टल पर एप्लीकेशन मांगना शुरू किया। आयोग ने कॉलेज लेक्चरर 2018 संगीत वाद्य के एक पद के लिए ऑन लाइन आवेदन की प्रक्रिया 2 अप्रेल से शुरू की। यह एक पद महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित है। आयोग ने इस पद के लिए अॉन लाइन आवेदन की अंतिम तिथि 16 अप्रेल तय की थी। लेकिन पोर्टल में तकनीकी प्रॉब्लम के चलते यह तिथि खिसकते खिसकते 31 मई तक पहुंच गई है। यानी एक पद के लिए ही अभ्यर्थी 60 दिन तक आवेदन कर सकेंगे।

अन्य भर्तियों में भी डेढ़ महीने से अधिक समय तक आवेदन

आयोग ने आरएएस 2018 के 980 पदों के लिए पूर्व में 12 अप्रेल 2018 से 11 मई 2018 तक ऑन लाइन आवेदन मांगे थे। अंतिम तिथि पहले 15 मई तक और अब 31 मई की गई है। कारण, पोर्टल मेंं आ रही परेशानी, अभ्यर्थी फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।

कोर्ट पहुंचा मामला

प्रधानाध्यापक के 1200 पदों पर भर्ती के लिए आयोग ने ऑन लाइन आवेदन का समय एक महीने दिया था। यानी 6 अप्रेल से ऑन लाइन आवेदन शुरू हुए थे और अंतिम तिथि 8 मई तय की थी। इस भर्ती परीक्षा में अनुभव प्रमाण पत्र भी संलग्न करना था। प्रदेश भर में ऑन लाइन आवेदन में आ रही परेशानी को देखते हुए अभ्यर्थी कोर्ट पहुंच गए। आयोग ने हाईकोर्ट के आदेश पर अब इस भर्ती परीक्षा की अंतिम तिथि बढ़ा कर 25 मई तक कर दी है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि ऑन लाइन आवेदन नहीं कर पाने के कारण अभ्यर्थियों को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। अब तक परीक्षा परिणाम को लेकर ही अभ्यर्थी कोर्ट जाते थे।

ई-मित्र पर बार-बार चक्कर

फॉर्म एक बार में कंप्लीट नहीं हो रहा। कभी सरवर धीमा चल रहा था, कभी हैंग हो रहा था और कभी बिल्कुल गायब हो गया था ऐसे में एक ही आवेदन के लिए अभ्यर्थी को बार बार ई मित्र के चक्कर लगाने पड़े। इस बार राजस्थान लोक सेवा आयोग के साथ ही राजस्थान अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड ने भी राज्य सरकार के नए एस एस ओ पोर्टल पर ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है। एक साथ दो बड़े भर्ती संस्थानों के आवेदनों के लिए संभवतः यह पोर्टल तैयार नहीं है। अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड में भी एक के बाद एक कई भर्तियों के लिए आवेदन मांगे हैं। इसी तरह से आयोग में भी 18 हजार से पदों के लिए आवेदन मांग रखे हैं। लोड बढ़ रहा है और इस हिसाब से यह पोर्टल तैयार नहीं है।

पूर्व में यह थी स्थिति

आयोग द्वारा पिछले सालों में भर्ती परीक्षाओं के लिए ऑन लाइन आवेदन अपने पोर्टल पर ही लिए जाते थे। इसमें अभ्यर्थियों को अपवाद को छोड़ कर कोई परेशानी नहीं आती थी। पिछली भर्तियों में आयोग द्वारा भराए गए आवेदनों का विवरण एक नजर में

कॉलेज लेक्चरर 2015

1248 पद, 38 दिन में आवेदन पूरे, तिथि नहीं बढ़ानी पड़ी।

स्कूल लेक्चरर 2015-16

13098 पद, एक महीने में आवेदन पूरे। तिथि नहीं बढ़ानी पड़ी।

आरएएस 2016

725 पद, एक महीने में आवेदन। तिथि नहीं बढ़ानी पड़ी।

वरिष्ठ अध्यापक ग्रेड सेकंड 2016

9888 पद, 26 दिन में आवेदन पूरे। तिथि नहीं बढ़ानी पड़ी।

स्कूल लेक्चरर 2015-16

13098 पद, एक महीने में आवेदन पूरे। तिथि नहीं बढ़ानी पड़ी।

आरएएस 2013

990 पद, 35 दिन में आवेदन। तिथि नहीं बढ़ानी पड़ी।

दावा तो यह था | आयोग ने इस बार ऑनलाइन आवेदन शुरू करने से पहले यह दावा किया था कि नए सॉफ्टवेयर में अभ्यर्थी को एक ही बार रजिस्ट्रेशन कराना है। उसके बाद वह कितनी ही भर्ती के लिए आवेदन करें कोई परेशानी नहीं होगी। नए सॉफ्टवेयर को लेकर आयोग के साथ ही प्रदेश भर में भी उत्साह का माहौल नजर आ रहा था। अभ्यर्थी इस बात को लेकर खुश थे कि उन्हें अब बार-बार आवेदन करने की झंझट से राहत मिलेगी और एक ही बार में उनका सारा काम पूरा हो जाएगा। लेकिन हो उलटा रहा है सॉफ्टवेयर में कमी की शिकायत लगातार प्रदेश भर के अभ्यर्थी कर रहे हैं। एसएसओ पोर्टल पर एक बार रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी जब अभ्यर्थी दूसरी भर्ती के लिए आवेदन कर रहे हैं तो बार बार डॉक्यूमेंट अपलोड मांगा जा रहा है। इस विसंगति से अभ्यर्थी परेशान हो गए।

प्रोटेक्शन ऑफिसर|प्रोटेक्शन ऑफिसर के 20 पदों के लिए आयोग ने 6 अप्रेल से 19 अप्रेल तक आवेदन मांगे थे। अब 31 मई कर दी है।

खबरें और भी हैं...