बिखरे फूल साफ करने को कहा तो पीटा, विरोध में दुकानदारों ने बंद किया बाजार
दरगाह क्षेत्र में पन्नी ग्राम चौक इलाके में दुकानदार पर कातिलाना हमला करने की वारदात के विरोध में बुधवार को बाजार बंद रहा। दुकानदार एसोसिएशन ने एसपी को ज्ञापन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। दुकानदारों की जिद थी कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते तब तक दुकानें नहीं खोली जाएंगी, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर दुकानदारों को शांत किया। दोपहर बाद दुकानें खुल गईं।
पीड़ित अमित ने बताया कि मंगलवार देर रात उसकी दुकान पर आरिफ और उमर नाम के दो युवक आए। उनके हाथों में बड़ी मात्रा में फूल थे। दुकान के भीतर दोनों ने आकर आपस में फूलों का बंटवारा किया। इस दौरान फूलों की पत्तियां दुकान में बिखर गई। पीड़ित ने बताया कि जब दोनों युवकों से बिखरे फूल पत्तियां साफ करने के लिए कहा तो दोनों युवकों ने साफ मना कर दिया और दोनों ने दुकानदार को धमकाया और देख लेने की धमकी देकर चले गए।
मगर कुछ देर बार दोनों युवक चाकू और सरिया लेकर दुकान के भीतर घुस गए। पीड़ित अमित ने बताया कि वो कुछ समझ पाता इससे पहले ही दोनों ने उस पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। दरगाह थाने में पीड़ित दुकानदार ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया है। घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने बुधवार को दुकानें बंद कर दी। दुकानदारोंं का आरोप है कि इस तरह की वारदातें आये दिन दुकानदारों के साथ होती रहती हैं। एसोसिएशन ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी है। वहीं दुकानदार से समझाइश के बाद दुकानें खोलने के लिए राजी हो गए।
पीड़ित।
दुकानदार के साथ मारपीट के विरोध में डिग्गी बाजार व पन्नीग्राम बाजार बंद कर दुकानदार एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट पर आकर प्रदर्शन कर एसपी को ज्ञापन दिया।
जायरीन को असुविधा
गुटखे के पाउच को लेकर दुकानदार व ग्राहक भिड़े
अजमेर| सिनेमा रोड इलाके में बुधवार दोपहर गुटके के पाउच को नकली बताते हुए ग्राहकों ने दुकानदार से हाथापाई की। ग्राहक युवकों ने काफी देर तक हंगामा किया। बाद में समझाइश कर मामला शांत हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राहक नरेश और कन्हैयालाल ने दुकानदार से तानसेन गुटखेे के पाउच लिए थे। बगैर देखे आरोपियों ने पाउच फाड़ कर गुटका निकाल लिया, बाद में पता चला कि गुटखा तानसेन नहीं बल्कि उसकी पैकिंग से हूबहू मिलता-जुलता दूसरी कंपनी का है। ग्राहकों ने दुकानदार से वापस पैसे लौटाने को कहा, इसपर दुकानदार बिफर गया और दोनों पक्षों के बीच तकरार हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दुकानदार और झगड़ा कर रहे युवकों को समझाबुझा कर शांत किया।
बाजार बंद होने से दरगाह आने वाले जायरीन को असुविधा का सामना करना पड़ा। इलाके के दुकानदारों का कहना है कि शरारती तत्व आए दिन दुकानदारों को धमकाते रहते हैं और विरोध करने पर हाथापाई करते थे।