राहगीरों को बांटे परिंडे, रोज साफ पानी भरने की शपथ ली
अजमेर |दैनिक भास्कर के सेव बर्ड अभियान के तहत बुधवार को लायंस क्लब अजमेर आस्था की ओर से शहर में कैनोपी लगाकर राहगीरों को परिंडों का वितरण किया गया। इस दौरान 300 से ज्यादा परिंडे शहरवासियों को वितरित किए गए। जिन लोगों को परिंडे दिए गए उन्हें लॉयंस क्लब आस्था की ओर से परिंडों में रोजाना स्वच्छ पानी भरने का संकल्प भी दिलाया गया। आस्था के अध्यक्ष अतुल कुमार विजयवर्गीय ने बताया कि रामभवन लोहागल रोड पर महेंद्र टी स्टाल के यहां पर कैनोपी लगाई गई। सुबह आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में राहगीरों को बताया गया कि भीषण गर्मी में पक्षियों को किस तरह शुद्ध पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। क्लब के संभागीय अध्यक्ष लायन शशिकांत वर्मा के मुख्य आतिथ्य में यह आयोजन किया गया। मौजूद जनसमुदाय को क्लब के पूर्व संभागीय अध्यक्ष लायन अतुल पाटनी व लायन मधु पाटनी के सहयोग से मिठाई भी भेंट की। महेंद्र टी स्टाल के संचालक अशोक कुमार ने अपनी टीम के साथ सेवाएं दी। इस अवसर पर लायन लोकेश अग्रवाल, लायन सुरेंद्र मेहता आदि मौजूद रहे।