पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Ajmer
  • लुटेरों ने सरिया घोंप वृद्ध को मारा, बेटा गंभीर घायल

लुटेरों ने सरिया घोंप वृद्ध को मारा, बेटा गंभीर घायल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गंज थाना क्षेत्र में शनि मंदिर के पीछे कुम्हार मोहल्ले में शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे लूट के इरादे से करीब आधा दर्जन हमलावरों ने एक घर में घुसकर पिता-पुत्र पर लाठी सरिए से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वृद्ध की मौत हो गई जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। लोगों ने हमलावरों के एक साथी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी सिकंदर एमपी के नागदा इलाके का मूल निवासी है और पिछले कई दिनों से दरगाह इलाके में खानाबदोश की तरह रह रहा है। माना जा रहा है कि वारदात में बांग्लादेशी चोर गिरोह का हाथ है। पुलिस आरोपी सिकंदर से वारदात में उसके साथ रहे लोगों के बारे मेंं पूछताछ कर रही है।

एएसपी भोलाराम, एसपी राजेंद्र सिंह चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर जांच की। एफएसएल टीम से मौका मुआयना कराया गया है। मृतक छीतरमल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान से सेवानिवृत कर्मचारी हैं। मकान में वारदात के समय नीचे वाले कमरे में उसका पुत्र मिथलेश और वह खुद मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य लोग फर्स्ट फ्लोर वाले कमरों में सोए हुए थे।

भागते समय धरा गया हमलावर।

तड़के तीन बजे वारदात से दहशत... घटना के वक्त घर के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे

पुलिस के अनुसार धानमंडी इलाके में कुम्हार मोहल्ले में गुरुवार रात करीब साढ़े तीन बजे लूट के इरादे से छीतरमल के घर में लुटेरे घुसे थे। मकान मालिक छीतर मल के पुत्र मिथलेश की नींद खुल गई थी। उसने उठने की कोशिश की तो आरोपी सिकंदर ने उसके सिर पर पत्थर मार दिया। बेटे की चीख सुनकर छीतरमल कमरे से बाहर आया तो आरोपी ने सरिया सिर पर मारा और पेट और सीने में सरिया घोंप दिया। घटना के वक़्त घर के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए। आरोपी सिकंदर को इलाके में ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। एएसपी भोलाराम यादव, सीओ नार्थ दुर्ग सिंह राजपुरोहित और एडीएम सिटी अरविंद सेंगवा मौके पर पहुंचे। वही, शहर भाजपा अध्यक्ष अरविंद यादव के साथ भाजपाई भी जुट गए। घायल युवक मिथलेश को जेएलएन अस्पताल के ट्रोमा वार्ड में भर्ती किया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने छीतरमल के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है। आरोपी सिकंदर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और लूट की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।

मृतक छीतरमल।

हमले में घायल पुत्र।

भाजपा ने की संदिग्धों के वेरिफिकेशन की मांग

भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद यादव, जिला महामंत्री रमेश सोनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने जेएलएन अस्पताल घायल युवक और उसके परिजनों से मुलाकात की। अरविंद यादव, एडीए अध्यक्ष शिव शंकर हेडा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाश चंद्र तथा पुलिस अधीक्षक राजेंद्र सिंह से मुलाकात कर दरगाह इलाके में संदिग्ध लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की।

शहर के गंज थाना क्षेत्र में शनि मंदिर के पीछे कुम्हार मोहल्ले में वारदात के बाद घटनास्थल को सीज करता पुलिसकर्मी व मौके पर उपस्थित मोहल्लेवासी।

बांग्लादेशी गिरोह पर शक

शनि मंदिर के निकट कुम्हार मोहल्ले में वृद्ध की हत्या की वारदात में बांग्लादेशी चोर गिरोह की लिप्तता सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लूट की मंशा से हथियारों से लैस 4 से 5 लोग घर में घुसे थे।

कई बार संदिग्धों ने की वारदात

तीन महीने पहले दरगाह इलाके के गेस्ट हाउस में काम करने वाले बिहार और बंगाल के युवकों ने नाई मोहल्ला इलाके में एक कारोबारी की हत्या कर उसके घर से नकदी व जेवर लूट लिए थे। इसी तरह कायड़ इलाके में करीब आठ महीने पहले अज्ञात लोगों ने एक मकान में घुसकर महिला की हत्या कर दी थी। इस मामले में भी पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी है। दरगाह इलाके में खादिमों के घर और गेस्ट हाउस व रेस्त्रां में नौकर के तौर पर काम करने वाले ज्यादातर लोग राजस्थान के बाहर के हैं। नौकर रखने से पहले इन लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन होना चाहिए। इसके अभाव में हत्या और लूट की कई वारदातें हो चुकी है। तीन साल पहले खादिम मोहल्ले में पश्चिम बंंगाल के मूल निवासी एक नौकर मालिक की हत्या कर नकदी व जेवर लेकर फरार हो चुका है।

खबरें और भी हैं...