अजमेर|नगरीय विकास विभाग ने हाल ही में सभी शहरों में जोनल डवलपमेंट प्लान बनाने का एलान किया है ताकि मास्टर डवलपमेंट प्लान सुनियोजित रूप से लागू हो सके। जोनल डवलपमेंट प्लान तैयार करने के लिए 11 चरण तय किए गए हैं जिसके लिए कुल 240 दिन की समयावधि तय हुई है।
अजमेर का ड्राफ्ट मास्टर प्लान लागू होने से पहले अब सरकार की गाइडलाइन के तहत जोनल डवलपमेंट प्लान तैयार करने होंगे। हालांकि, एडीए में पिछले कुछ महीनों से जोनल प्लान को लेकर मशक्कत चल रही है लेकिन नई गाइडलाइन के तहत इन्हें संशोधित करना पड़ेगा और इसका सीधा असर नए मास्टर प्लान को लागू करने के समय पर भी पड़ेगा।
गौरतलब है कि अजमेर के ड्राफ्ट मास्टर प्लान पर हाल ही में एडीए ने नए सिरे से आपत्तियां और सुझाव मांगे थे। एक महीने में 149 आपत्तियांं और सुझाव और मिले थे। इससे पहले की 151 आपत्तियां और सुझाव लंबित हैं। इस तरह कुल मिलाकर तीन सौ आपत्तियों और सुझावों का निपटारा किया जाना है। अब सरकार की जोनल डवलपमेंट प्लान को लेकर जो नई गाइडलाइन आ गई है। इस गाइडलाइन में जोनल डवलपमेंट प्लान तैयार करने के लिए 11 चरण बताए है और उसके लिए अलग-अलग समयावधि भी तय की गई है। कुल मिलाकर 240 दिन में जोनल मास्टर प्लान बनाना है जिसके बाद ही मास्टर प्लान लागू हो पाएगा। कुछ माह पहले हाईकोर्ट ने भी शहरों के मास्टर प्लान व जोनल प्लान को लेकर अहम आदेश जारी किया था तब एडीए ने अजमेर के ड्राफ्ट मास्टर प्लान की सुध ली। जोनल प्लान तैयार भी करवाए जाने लगे। लेकिन अब गाइडलाइन के तहत जोनल डवलपमेंट प्लान उसके अनुरूप बनाने होंगे यानी मास्टर प्लान लागू करने में फिर देरी होना तय है।