अजमेर | शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र चौधरी के साथ शहर की कानून एवं शांति व्यवस्था तथा अपराधों की रोकथाम पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के कारण दरगाह एवं आसपास के क्षेत्रों में अपराध बढ़ रहे हैं। इन पर रोकथाम के लिए बांग्लादेशियों के खिलाफ अभियान चलाया जाए। शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि दिल्ली गेट, शनि मंदिर, कुम्हार मोहल्ला में लूट के लिए वृद्ध की हत्या तथा पन्नीगरान चौक में आपराधिक तत्वों द्वारा दुकानदारों के साथ मारपीट व धमकी जैसी घटनाएं शहर की शांति व्यवस्था के लिए खतरा है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र चौधरी ने इन प्रकरणों में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है।