बाबा बादामशाह का 54वां उर्स आज से
अजमेर|सूफी संत बाबा बादामशाह का 54 वां उर्स मंगलवार से सोमलपुर स्थित बाबा साहब की दरगाह शरीफ पर बड़ी शानो अज्मत के साथ मनाया जाएगा। उवैसिया रूहानी सत्संग आश्रम के अध्यक्ष गुरुदत्त मिश्रा ने बताया कि मंगलवार शाम 7 बजे मजारे मुबारक पर गुसल दिया जाएगा। सुबह 11 बजे मिलाद शरीफ होगी। दोपहर को ध्यान, सुमिरन, भजन एवं दिन में आध्यात्मिक चर्चा होगी एवं शाम को भोजन प्रसादी तथा रात्रि को महफिल का आयोजन होगा। बुधवार सुबह से मध्यान्ह तक सेवा, सुमिरन, ध्यान, सत्संग आदि का आयोजन होगा। शाम 5 से 7 बजे तक चादर पेश की जाएगी। जिसमें दूरदराज से आए जायरीन अपनी मुरादें पूरी होने पर बाबा साहब की ख़िदमत में चादरें पेश कर अपना शुक्राना अदा करेंगे। शाम 7 से 9 बजे तक भोजन प्रसाद तथा रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक वर्तमान गुरु मुनेन्द्रदत्त मिश्रा उवैसी की सदारत में कव्वालियों की भव्य महफिल आयोजित की जाएगी। जिसमें अजमेर नगर एवं बाहर से आई कई कव्वालों की पार्टियां बाबा साहब की शान और अक़ीदत में कलाम पेश करेंगी। इसी प्रकार 19 अप्रैल सुबह सभी कव्वाल पार्टियों द्वारा सामूहिक रूप से रंग व सलाम पेश किया जाएगा। इसके बाद कुल की रस्म एवं प्रसाद वितरण के साथ उर्स का समापन होगा।