जिले में भीषण पेयजल समस्या को लेकर कांग्रेसियों ने सोमवार को सांसद व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. रघु शर्मा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया और मटके फोड़े। कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन को चेताया कि इस गंभीर समस्या पर नकारात्मक रवैया अपनाया गया तो जन आंदोलन किया जाएगा। जिला कलेक्ट्रेट गेट के बाहर टेंट लगाने को लेकर पुलिस और कांग्रेसियों के बीच टकराव भी हुआ। कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भाजपा के एजेंट बनकर काम नहीं करें।
सांसद रघु शर्मा ने 15 दिन पहले जिला प्रशासन को चेतावनी दी थी कि पानी की समस्या को लेकर त्वरित कदम उठाए जाएं और लोगों को राहत प्रदान करें। चेतावनी के बावजूद समाधान नहीं किया। इसलिए आंदोलन पर मजबूर होना पड़ा। सांसद रघु शर्मा ने कहा कि प्रशासन ने कांग्रेस की चेतावनी को हल्के में लिया और केवल कागजी कार्रवाई के अलावा कुछ नहीं किया। ताज्जुब इस बात पर है कि सरकार के दो मंत्री, 2 संसदीय सचिव जिले में होने के बावजूद जनता पानी काे तरस रही है।
जिले में दो मंत्री, 2 संसदीय सचिव होने के बावजूद जनता के कंठ सूखे
कैसे बनेगा स्मार्ट सिटी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने कहा कि एक ओर तो स्मार्ट सिटी बनाने की बात कही जा रही है और दूसरी ओर पानी जैसी मूलभूत सुविधा से ही आमजन वंचित हो रहे हैं। सरकार और जलदाय विभाग की अकर्मण्यता के कारण इतनी तेज गर्मी में लोगों को पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में सरकार अजमेर को कैसे स्मार्ट सिटी बना पाएगी।
बिना सूचना शटडाउन
देहात अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने याद दिलाया कि अजमेर में 2008 में आयोजित हुए राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने जिले को 24 घंटे के अंतराल में पीने का पानी देने की घोषणा की थी परंतु आज हालात यह हैं कि 72 से 96 घंटे में भी नियमित सप्लाई नही मिल रही है।
कलेक्ट्रेट पर फोड़े मटके...
सांसद रघु शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को शहर व देहात कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर किया विरोध-प्रदर्शन।
धरने को पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, ललित भाटी, हाजी कयूम खान, डॉ श्रीगोपाल बाहेती, ब्रह्मदेव कुमावत, नाथूराम सिनोदिया, डॉ राजकुमार जयपाल, हेमंत भाटी, कमल बाकोलिया, महेंद्र सिंह रलावता, दीपक हासानी, राजेश टंडन, प्रद्युम्न सिंह, इमरान सिद्दीकी, राकेश सांखला, कैलाश कोमल व राजकुमार तुलसियानी ने भी संबोधित किया। धरना स्थल पर श्याम प्रजापति, कैलाश झालीवाल, राकेश शर्मा, विपिन बैसिल, शैलेंद्र अग्रवाल, सबा खान, शक्ति प्रताप सिंह राठौड़, विवेक पाराशर, वैभव जैन, हरिसिंह गुर्जर, कुलदीप कपूर, प्रमिला कौशिक, शिव बंसल, राजीव शर्मा, रणजीत सिंह नोसल, चंदन सिंह, श्रवण टोनी, चंद्रशेखर बालोटिया, अनिल कोठारी, सुदर्शन जैन, सोनल माैर्य, राकेश चौहान, वेद चौधरी, यासिर चिश्ती, प्रियदर्शी भटनागर, लोकेश शर्मा, सागर मीणा, मोहित मल्होत्रा आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।