आनासागर चौपाटी स्थित जेटी के पास शराब पार्टी के दौरान लोकल मेड पिस्टल को खिलौना समझ कर उससे खेलते समय फायर होने से युवक के घायल होने की वारदात में लिप्त आरोपियों ने पुलिस के सामने यह चौंकाने वाला बयान देकर सनसनी फैला दी कि आनासागर बारादरी के निकट अज्ञात तीन बदमाशों ने परमेश्वर पर फायरिंग की और भाग गए। इस बयान के आधार पर क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस का दल रविवार रात करीब चार घंटे तक बारादरी और आसपास के क्षेत्र में तफ्तीश करता रहा, लेकिन आरोपियों के बयानों की तस्दीक नहीं हो सकी। बाद में जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो आरोपियों ने कबूल कर लिया कि नशे की हालत में वे सभी लोडेड पिस्टल हाथ में लेकर हंसी-मजाक कर रहे थे, गलती से ट्रिगर दब गया और गोली परमेश्वर के पेट में धंस गई थी। थाना प्रभारी विजेन्द्र सिंह गिल के अनुसार मामले में जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों में शामिल भरतपुर निवासी मोहित यह अवैध पिस्टल लेकर आया था। उससे अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के नेटवर्क के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। दूसरी ओर वारदात में जख्मी परमेश्वर उपचाररत है। डाक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
हंसी के ठहाकों के बीच धांय
पुलिस के मुताबिक भीलवाड़ा निवासी परमेश्वर फायरिंग में गंभीर घायल हुआ था। परमेश्वर जेटी पर काम करता है। रविवार रात वह जेटी के पास नरेना के निकट साली गांव निवासी गोपाल चौधरी,डीग भरतपुर निवासी मोहित कुमार और सुंदरविलास निवासी सोहित चौधरी के साथ शराब पार्टी में बैठा था। चारों के सिर पर जब नशा चढ़ गया आैर खेल खेल में गोली चल गई।
पुलिस को किया गुमराह
क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी विजेन्द्र सिंह गिल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल अस्पताल में पहुंचा था, जहां आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने यह बयान देकर जांच को गुमराह कर दिया कि वे शराब पार्टी कर रहे थे, इस दौरान परमेश्वर पानी की बोतल लेने गया था। बारादरी के पास वह लौट रहा था कि तीन बदमाशों ने उसपर फायर कर दिया और भाग गए। इस बयान की तस्दीक के लिए पुलिस दल देर रात करीब तीन घंटे तक मशक्कत करता रहा, लेकिन बयान की तस्दीक नहीं हुई। बाद में आरोपियों से सख्ती बरती गई तो उन्होंने सच्चाई उगल दी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भरतपुर से मोहित किस मकसद से खरीद कर लाया था देशी-कट्टा?
आरोपी मोहित नर्सिंग स्टूडेंट है। वह भरतपुर के डीग इलाके का मूल निवासी है। तफ्तीश में सामने आया है कि मोहित अवैध हथियार भरतपुर से खरीद कर लाया था। उसने देशी कट्टा किस से खरीदा आैर किस मकसद से वह चौपाटी पर शराब पार्टी में हथियार से लैस होकर शामिल हुआ था। इस बारे में पुलिस गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। मालूम हो कि अजमेर में देशी कट्टा सहित अन्य अवैध हथियारों की बेखौफ खरीद-फरोख्त हो रही है। इससे पूर्व भी पुलिस द्वारा पिछले छह में अवैध हथियारों के दर्जनों मामले उजागर कर चुकी है। अवैध हथियारों की खेप एमपी स्थित धार आैर मुंगेर से मंगवाई जा रही है, यह खुलासा भास्कर द्वारा पूर्व में किया जा चुका है।
पुलिस गिरफ्त में फायरिंग करने के आरोपी।