अजमेर| अजमेर डिस्कॉम के डायरेक्टर टेक्नीकल केपी वर्मा ने टाटा पावर के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए हैं कि मीटर बदलने के बाद औसत बिलिंग नहीं करें, बल्कि वास्तविक रीडिंग कर बिलिंग करे। वर्मा सोमवार को हाथीभाटा पावर हाउस में जनसुनवाई कर रहे थे। जनसुनवाई में 22 शिकायतें मिलीं, जिनमें बिल, नए कनेक्शन, लाइन शिफ्ट करवाने, मीटर, कृषि कनेक्शन, अस्थाई कनेक्शन की अमानत राशि लौटाने, सतर्कता जांच संबंधी समस्या सहित अन्य समस्याएं थी। जनसुनवाई के दौरान बिल संबंधी समस्या में वैशाली नगर के एक होटल संचालक ने बताया कि अनुसार मीटर बदलने के पश्चात भी औसत बिलिंग की राशि लगभग 1.40 लाख का बिल जारी किया जा रहा है। उपभोग के आधार पर बिल जारी होना चाहिए न कि औसत बिलिंग के आधार पर। इस संबंध में निदेशक (तकनीकी) ने टाटा पावर के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी उपभोक्ता के मीटर बदलने के पश्चात वास्तविक उपभोग का बिल जारी किया जाए न कि औसत बिलिंग की जाए। इससे उपभोक्ता को आर्थिक परेशानी का समाना करना पड़ता है। जनसुनवाई के दौरान संभागीय मुख्य अभियंता (अजमेर जोन) एम. बी. पालीवाल, अधीक्षण अभियंता वी. पी. सिंह (सतर्कता), मुकेश ठाकुर(शहर वृत्त), एम. एल. मीणा (जिला वृत्त), आंतरिक अंकेक्षक (ऑडिट) दीपक शर्मा, सहायक सचिव-प्रबंध निदेशक फत्तूमल सिंधी उपस्थित थे। साथ ही टाटा पावर के कॉर्पोरेट हैड आलोक श्रीवास्तव, एस एस शेखावत, दिनेश शर्मा उपस्थित थे।