साढ़े 9 महीने बाद एमडीएस यूनिवर्सिटी के प्रो. श्रीमाली होंगे स्थायी वीसी
एजुकेशन रिपोर्टर|अजमेर/ जयपुर/उदयपुर
महर्षि दयानंद सरस्वती यूनिवर्सिटी में साढ़े 9 महीने से खाली पड़े कुलपति पद पर राज्य सरकार ने प्रो. विजय श्रीमाली को कुलपति बनाने का निर्णय कर लिया है। इस संबंध में औपचारिक घोषणा मंगलवार को राजभवन के माध्यम से होगी।
श्रीमाली वर्तमान में मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी उदयपुर में कॉमर्स कॉलेज के व्यवसाय प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष है। इस यूनिवर्सिटी में प्रो. कैलाश सोढ़ानी का साढ़े 9 महीने पहले कार्यकाल पूरा होने और उन्हें गोविंद गुरु जनजाति विवि बांसवाड़ा का कुलपति बनाने की वजह से ये पद खाली चल रहा था। इस दौरान महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी बीकानेर के कुलपति प्रो. भगीरथ सिंह के पास अतिरिक्त कार्यभार था।
नए कुलपति प्रो. विजय श्रीमाली।
औपचारिक घोषणा आज
आरएसएस से जुड़े होने से श्रीमाली की आखिर तक मजबूत रही दावेदारी
प्रो. श्रीमाली के आरएसएस से जुड़े होने की वजह से संघ ने इनकी मजबूती से पैरवी की। बता दें कि श्रीमाली संभाग के कई विवि में भी कुलपति की दौड़ में आगे माने जा रहे थे।
जस्टिस कुलश्रेष्ठ एंड कंपनी की सर्च कमेटी में ये थे
एमडीएस की चार सदस्यीय सर्च कमेटी के चेयरमैन रिटायर्ड जज एसएस कुलश्रेष्ठ थे। कमेटी में यूजीसी के नाॅमिनी जोधपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. आरपी सिंह, कमेटी में बोर्ड के नॉमिनी सीकर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. बीएल शर्मा, सरकार के नॉमिनी बीकानेर एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. बीआर छीपा थे।