पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग को रिकॉर्ड आय
अजमेर| पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2017-18 में पूर्व के वर्षों की तुलना में अब तक की सबसे अधिक 3677 करोड़ से भी अधिक आय अर्जित की है। पिछले वर्ष विभाग को 3053 करोड़ की आय प्राप्त हुई थी। इस वर्ष 3677.79 करोड़ की आय प्राप्त हुई है। उपमहानिरीक्षक प्रवर्तन वंदना खोरवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2017-18 में गत पूर्व वर्षों की तुलना में अब तक की सबसे अधिक 3677.79 करोड़ की राशि अर्जित की गई है। विभाग को वर्ष 1977-78 से 2016-17 तक की राजस्व आय से सर्वाधिक है। पिछले वर्ष की तुलना में 624.79 करोड़ रुपए की अधिक राजस्व अर्जन किया है, जो गत वर्ष की तुलना में 20.46 प्रतिशत अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। एक अप्रेल 2017 से 30 मई 2017 तक 14.64 करोड़, 14 सितम्बर 2017 से 30 नवम्बर 2017 तक 17.17 करोड़ एवं एक जनवरी 2018 से 31 मार्च 2018 तक 43.14 करोड़ रुपए की आय प्राप्त की गई। वर्ष 2017-18 में अब तक 74.95 करोड़ की वसूली की गई। उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड आय वसूली के लिए किए गए प्रयासों में प्रदेश के सभी कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-पंजीयन पर प्रशिक्षण मुख्यालयों एवं संभागीय मुख्यालयों पर प्रशिक्षण दिया गया। वहीं स्टॉक होल्डिंग के पूर्व में 371 काउंटर थे, जिसे बढ़ाकर 488 काउंटरों पर स्टॉक होल्डिंग के काउंटर चालू करवाए गए। पंजीयन के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों का सत्यापन आधार एवं पेन नंबर से किए जाने की शुरुआत की गई तथा पंजीयन के लिए प्रस्तुत दस्तावेज को घर बैठे ऑनलाइन फीडिंग करने की व्यवस्था की गई। ऑनलाइन पंजीयन के लिए कार्यालय में उपस्थित होने की दिनांक व समय के चयन की सुविधा आमजन के लिए उपलब्ध करवाई गई। स्वयं के स्तर से डीड तैयार करने के लिए एडिटेबल डीड प्रारूप ऑनलाइन उपलब्ध करवाया गया तथा दस्तावेज पंजीबद्ध होने के पश्चात ऑनलाइन दस्तावेज डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।