छह युवक व दो युवतियां संदिग्ध हालात में गिरफ्तार भागने की कोशिश में कांग्रेस नेता का पुत्र घायल
भास्कर न्यूज| केकड़ी
केकड़ी थाना पुलिस ने गत रात्रि काे छह युवकाें के साथ दो युवतियाें को संदिग्ध हालात में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकाें में दो कांग्रेस नेताआें के पुत्र भी हैं जिनमें से एक पुलिस से बचने के लिए होटल की पहली मंजिल से कूदने के कारण घायल हो गया। दूसरे कांग्रेसी के पुत्र की दो दिन बाद ही शादी है। होटल में पकड़े जाने से पहले पुलिस ने युवकों की कार का पीछा किया था मगर वे चकमा देकर भाग गए थे।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात लगभग सवा दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग लक्जरी कार को तेज गति से चलाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। यह कार अनियंत्रित हाेने के साथ ही लहराती हुई चलाई जा रही थी। जयपुर राेड से यह कार केकड़ी की ओर आ रही थी। उपनिरीक्षक नाहरसिंह मय पुलिसकर्मियाें के साथ जयपुर रोड की ओर पहुंचे लेकिन कार में सवार युवक पुलिस को गच्चा देकर कार को तेजी से भगाते हुए केकड़ी शहर में घंटाघर के पास होते हुए वापस जयपुर रोड की ओर निकल गए। बाद में पुलिस ने रात को जयपुर रोड पर जूनिया गांव तक उनका पीछा किया। इस दाैरान वे पुलिस काे गच्चा दे चुके थे। पुलिस भी वापस केकड़ी लौट शहर में रात्रि गश्त करने लगी। रात करीब सवा ग्यारह बजे सभी युवक यहां अजमेर रोड पर बीजासण माता मंदिर के पास स्थित होटल वृंदा के बाहर कार से उतरते नजर आए। इस दौरान पुलिस की गाडी भी वहीं गश्त कर रही थी। वही कार और उन्हीं युवकाें काे वहां देखकर हरकत में आई पुलिस ने गाडी रोक कर कार में सवार युवक युवतियों का पीछा किया तो वे सभी सीढियां चढकर होटल के ऊपरी माले पर चले गए। इस दौरान शाहपुरा जयपुर के एक कांग्रेस नेता प्रभुलाल जाट के पुत्र अनिल ने पुलिस से बचने के चक्कर में होटल की प्रथम मंजिल से नीचे सडक पर छलांग लगा दी। जिससे उसका सिर तक फूट गया। पुलिस ने बताया कि सिर पर लगने के बावजूद वह भागने की कोशिश में लगा रहा लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि अनिल जाट ने शराब पी रखी थी और कार भी वही चला रहा था। पुलिस ने इस मामले में शराब पीकर वाहन चलाने पर एमवी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कार जब्त कर ली।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक नाहर सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने छह युवकों व दाे युवतियाें को गिरफ्तार किया है। इनमें जयपुर के ज्योति नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी पुष्पेंद्र सिंह (26) पुत्र कैलाश सिंह राजपूत, ज्योति नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी दीपेश शर्मा (26) पुत्र जगदीश शर्मा, पटेल नगर देवली निवासी पार्थ (18) पुत्र दिनेश अग्रवाल, सदर बाजार केकड़ी निवासी राहुल (26) पुत्र महेशचंद्र फतेहपुरिया, ममता सर्किल देवली निवासी अनुराग (27) पुत्र महेश कुमार गर्ग सांगानेर निवासी अनिल (23) पुत्र प्रभु लाल जाट, बिहार हाल गणपति प्लाजा जयपुर निवासी पूजा (20) पुत्री प्रेम वर्मा, उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिला में बीरम मित्रमपुर निवासी लीली सुनानी (22) पुत्री कवि जयपुरिया शामिल है। 25-25 हजार रुपए के जमानत मुचलको के आधार इन आराेपियाें को रिहा किया गया।
पुलिस ने बताया कि सभी युवक अपने केकडी निवासी मित्र राहुल पुत्र महेश चन्द फतेहपुरिया की शादी में शामिल होने आए थे। राहुल की शादी 18 अप्रैल को है। इसके लिए उसने 17 व 18 अप्रैल के लिए यहां बीजासण माता मंदिर के पास स्थित होटल वृन्दा में कमरे भी बुक करवा रखे थे। मगर उसके मित्र शादी के तीन दिन पहले पंद्रह अप्रैल को ही यहां पहुंच जाने से उसने होटल मालिक से रिक्वेस्ट कर उनके लिए एक कमरे खुलवाये थे।
जयपुर से केकड़ी आ रही कार का पुलिस ने पीछा किया तो वे भाग गए, बाद में होटल में रुकने आए युवक पुलिस को देख घबराकर होटल में घुस गए, जिसकी शादी थी वह भी युवकों के साथ पकड़ा गया
केकड़ी पुलिस द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में गिरफ्तार युवक-युवतियां।