11 नए रूटों पर चलेंगे प्रदूषण रहित वाहन
यातायात प्रबंध समिति की बैठक में मंगलवार को दो बड़े फैसले लिए गए। एक है शहर के 11 नए रूटों पर अब प्रदूषण रहित वाहन संचालित होंगे, दूसरा टैक्सियों के चारों तरफ अब ड्राइवर का नाम और टैक्सी के नंबर अंकित होंगे, ताकि अजमेर शहर में आने वाले पर्यटक ,जायरीन और महिलाओं को सुरक्षा का अहसास हो। अब शहर के सभी टैक्सी वाहनों के चारों तरफ वाहन के नंबर अंकित किए जाएंगे। इसके साथ ही दायीं व बायीं तरफ वाहन नंबर के साथ ड्राइवर का नाम एवं मोबाइल नंबर भी अंकित होगा। कलेक्टर गौरव गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि शहर में यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत टैक्सी वाहनों पर आगे,पीछे नंबर प्लेट के अलावा दाएं और बाएं तरफ भी वाहन नंबर, ड्राइवर का नाम व मोबाइल नंबर अंकित होना चाहिए। बैठक में महापौर धर्मेंद्र गहलोत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर अरविंद सेंगवा, पुलिस उपअधीक्षक यातायात प्रीति चौधरी, आरटीओ विनोद कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
11 नए रूटों पर चलेंगे ई-रिक्शा
बैठक में 11 नए रूटों पर एलपीजीए सीएनजी एवं बैट्री संचालित वाहनों को लाइसेंस देने के प्रस्ताव परिवहन मुख्यालय भेजने पर सहमति बनी। परिवहन विभाग महाराणा प्रताप नगर चौराहा से चंद्रवरदाई नगर, ए एआईटी से अशोक उद्यान, नारेली जैन मंदिर से पुष्कर रोड प्राईवेट बस स्टैण्ड, माखुपुरा से भगवंत यूनिवर्सिटी, माखुपुरा से इंजीनियरिंग कॉलेज, चाचियावास से दाहरसेन स्मारक, पुष्कर रोड बस स्टैण्ड से कायड़ विश्राम स्थली,नौसर घाटी से इंजीनियरिंग कॉलेज, अजयसर से जनाना अस्पताल, पंचवटी मोड़ से सोमलपुर तथा कल्याणी पुरा से बालूपुरा मार्ग पर प्रदूषण रहित वाहनों के संचालन के प्रस्ताव मुख्यालय को भेजेगा। बैठक में डिग्गी बाजार टैक्सी स्टैण्ड को हजारी बाग स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
पंचशील के अंदरूनी इलाकों को भूले : परिवहन विभाग की ओर से पंचशील एवं आसपास में बसी दर्जनों कॉलोनियों को भूलकर यहां के लिए नया रूट बनाने का प्रस्ताव शामिल नहीं किया गया, जबकि पंचशील से जनाना अस्पताल तक जाने के लिए कोई भी सार्वजनिक साधन नहीं है। कोटड़ा, वैशाली नगर के आसपास की दर्जनों कॉलोनियों के वाशिंदों को जनाना अस्पताल जाने के लिए पहले बजरंगगढ़ चौराहा या सावित्री कॉलेज आना पड़ता है, इसके बाद ही उन्हें जनाना तक का साधन मिल पाता है।
दरगाह के आसपास चलेंगे केवल ई रिक्शा
सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह आने वाले जायरीन को दिल्ली गेट से निजाम गेट तक लाने व ले जाने के लिए बैटरी संचालित छोटे ई.रिक्शा चलाएं जाएंगे। दरगाह बाजार, नया बाजार डिग्गी चौक, पुरानी मंडी एवं नला बाजार में ऑटो रिक्शा जैसे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर ई रिक्शा के संचालन को मंजूरी दी गई। इसी तरह नेशनल हाइवे से संबंधित रूट पर नेशनल हाइवे अथॉरिटी द्वारा स्लिप लेन तैयार करने पर छोटे वाहनों का संचालन किया जा सकेगा।
मदार एवं दौराई से ट्रेनें चलाएं
रेलवे की ओर से ट्रेनों का संचालन मदार व दौराई रेलवे स्टेशन से करवाने के लिए बात की जाएगी। रिमॉडलिंग के तहत सावित्री स्कूल चौराहे को विकसित किया जाएगा। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के बाहर रोड पर एम्बुलेंस की पार्किंग चौपाटी के बाहर बसों की पार्किग अवैध रूप से खड़े होने वाले ठेले हटाए जाएंगे।