पुरानी मंडी में एक व्यापारी द्वारा नगर निगम के बनाए मूत्रालय को तोड़ने का पुरानी मंडी व्यापारिक एसोसिएशन ने विरोध किया है। एसोसिएशन ने इस संबंध में कलेक्टर और महापौर सहित पीडब्ल्यूडी व आबकारी विभाग को ज्ञापन प्रेषित किया है। एसोसिएशन ने मांग की है कि मूत्रालय तोड़कर राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और उसी स्थान पर नया मूत्रालय बनाया जाए। एसोसिएशन की यह भी मांग है कि पीडब्ल्यूडी की बंद पड़ी इमारत को जन सुविधाओं के लिए उपयोग किया जाए।
भास्कर ने शुक्रवार को समाचार प्रकाशित किया था कि चालीस साल से बंद पड़ी पीडब्ल्यूडी की बिल्डिंग की दीवार तोड़कर एक व्यापारी ने उसमें किस तरह मूत्रालय बनवा दिया और वहां पहले से बना मूत्रालय अपने फायदे के लिए ध्वस्त कर दिया। इस व्यापारी ने दो-दो विभागों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया लेकिन इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
पुरानी मंडी में पुराना शराब के ठेके वाली बिल्डिंग नाम से मशहूर बिल्डिंग पास ही एक संकरी गली है जिसमें नगर निगम ने कई साल पहले व्यापारियों की मांग पर मूत्रालय बनवाया था जो बाजार में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं के उपयोग में आता था। व्यापारिक एसोसिएशन के अनुसार बाजार में रोजाना करीब आठ से दस हजार महिलाएं खरीदारी के लिए आती हैं। इन महिलाओं के लिए कोई सार्वजनिक महिला प्रसाधन स्थान नहीं है। पीडब्ल्यूडी की इमारत से सटा हुआ जो मूत्रालय महिलाओं के लिए था उसे तोड़ दिया गया। यही नहीं बंद गली में अवैध रूप से दुकानें बना दी गई। मूत्रालय तोड़ने वाले दुकानदार ने अपने निजी स्वार्थ के लिए दो-दो विभागों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया लेकिन दोनों विभाग मौन हैं इससे विभाग के अधिकारियों व कार्मिकों की नीयत पर भी सवाल खड़े हाे रहे हैं। एसोसिएशन का कहना है कि देश भर में शौचालय व मूत्रालय बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है और पुरानी मंडी जैसे व्यस्त बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय-मूत्रालय की व्यवस्था नहीं है और जो थी उसे व्यापारी ने अपने फायदे के लिए तोड़ दिया।
कार्रवाई की मांग
एसोसिएशन का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी के भवन पर भू कारोबारियों की नजर है और इसे येन केन प्रकारेण हड़पना चाहते हैं। एसोसिएशन का यह भी आरोप है कि इमारत की दीवार से सटाकर अस्थाई दुकानें लगी हुई है उनसे कुछ लोग नाजायज रूप से किराया भी वसूल कर रहे हैं। एसोसिएशन की पहल पर ही बाजार के बीचोंबीच बना शराब का ठेका बंद किया गया था और वहां इमारत के बाहर मूत्रालय बनवाया था। यह व्यापारी पुलिस व प्रशासन में अपने रसूखात की धमकी देकर मनमानी कर रहा है जिसकी वजह से कोई भी विरोध का साहस नहीं जुटा पा रहा है ऐसे में एसोसिएशन को कार्रवाई करनी पड़ रही है।