स्मार्ट सिटी के काम जिस तरह किए जा रहे हैं उससे तो अजमेर कभी स्मार्ट नहीं बन पाएगा। जनता के टैक्स से इकट्ठे हुए करोड़ों रुपए स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट पर खर्च किए जा रहे हैं और जनता से यह पूछा तक नहीं जा रहा है कि वह चाहते क्या हैं? स्मार्ट सिटी के नाम पर बहुत बड़ा खेल हाे रहा है। हम भी चाहते हैं कि अजमेर स्मार्ट सिटी बने इसलिए इन कामों पर नजर रखने और सतर्क रहने की जरूरत है।
यह बात अजमेर के लोकसभा सांसद व कांग्रेस नेता डॉ रघु शर्मा ने रविवार को अजयमेरु प्रैस क्लब के मीट द प्रैस कार्यक्रम में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कही। सांसद शर्मा ने कहा कि अजमेर का चयन स्मार्ट सिटी के लिए हुआ और अब तक केंद्र सरकार से 198 करोड़ रुपए का बजट मिला है। इसके अलावा राज्य सरकार, नगर निगम और अजमेर विकास प्राधिकरण की हिस्सा राशि भी दी जानी है। करीब दो हजार करोड़ रुपए खर्च कर स्मार्ट सिटी बनाने की योजना है लेकिन जिस आमजन के लिए स्मार्ट सिटी बनाई जा रही है उससे किसी ने पूछा नहीं कि वह चाहता क्या है। शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार में ऐसे प्रोजेक्ट पर काम होगा तो बाकायदा जनता दरबार लगाकर लोगों से उनकी राय ली जाएगी। एलीवेटेड रोड किस तरह बनाई जानी चाहिए उसकी उपयोगिता क्या होगी इन सब बातों पर रायशुमारी की जाकर काम होने चाहिए। स्मार्ट सिटी की बैठक में मैंने खरी-खरी बात कही तो अधिकारियों से जवाब देने नहीं बना, आखिर शहर के लिए इतनी बड़ा प्रोजेक्ट है तो उसमें शहरवासियों की भागीदारी तय होनी चाहिए। स्मार्ट सिटी का मतलब बताते हुए शर्मा ने कहा कि यहां बुनियादी सुविधाओं के साथ चौबीस घंटे बिजली-पानी की व्यवस्था, पूरा शहर वाईफाई कनेक्टेड हो और बेहतरीन मेडिकल व जनसुविधाओं से स्मार्ट सिटी की नींव पड़ती है।
सांसद बोले-एयरपोर्ट पर गोलमाल जवाब दे रही है सरकार, बेहतरीन मेडिकल व जनसुविधाओं से स्मार्ट सिटी की नींव पड़ती है
किशनगढ़ एयरपोर्ट पर करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद उपयोग नहीं होने के मुद्दे पर सांसद शर्मा ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में इस एयरपोर्ट की मंजूरी मिली थी और काम भी शुरू हो गया था। इसका उद्देश्य यह था कि ब्रह्मा व ख्वाजा साहब की नगर के ऐतिहासिक स्वरूप के साथ ही किशनगढ़ व आसपास के क्षेत्र में बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों को एयरपोर्ट शुरू होने से लाभ मिलेगा। भाजपा सरकार ने निजी स्वार्थ के लिए उप चुनाव से ठीक पहले आनन फानन में उद्घाटन कर दिया। एयरपोर्ट को लेकर जब केंद्र सरकार के संबंधित विभाग से सवाल पूछा तो गोलमोल जवाब दिया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि हमने एयरपोर्ट बनवाया है और हमारी सरकार आएगी तो चलाकर भी दिखाएंगे।
राज्य सरकार की उदासीनता से अटकी रेल परियोजनाएं
सांसद रघु शर्मा ने कहा कि 709 करोड़ रुपए की लागत से टोंक सवाई माधोपुर रेल परियोजना कांग्रेस शासन में स्वीकृत हुई थी और यह तय हुआ था कि राज्य सरकार पचास प्रतिशत हिस्सा राशि देगी। अब राज्य सरकार अपना हिस्सा नहीं दे रही है और इसकी वजह से यह महत्वपूर्ण रेल परियोजना अटक गई है। उन्होंने कहा कि अजमेर से चेन्नई सहित विभिन्न महानगरों के लिए सीधी रेल सेवा के लिए उन्होंने रेल मंत्रालय के समक्ष मांग रखी है। शर्मा ने कहा कि अजमेर से हरिद्वार ट्रेन को पुष्कर तक बढ़ाया जाना चाहिए। पुष्कर व मेड़ता के बीच 34 किलोमीटर क्षेत्र में लाइन बिछा दी जाए तो बीकानेर तक रेल नेटवर्क पूरा हो जाएगा। कोटा व डूंगरपुर को लेकर भी रेल परियोजना संबंधी मांग उठाई है। लेकिन सरकार उदासीन है।
अजयमेरू प्रैस क्लब की आेर से आयोजित ‘मीट द प्रैस’ कार्यक्रम में उपस्थित लोग। कार्यक्रम में अजयमेरू प्रैस क्लब की मानद सदस्यता ग्रहण करते सांसद।
पेयजल समस्या के लिए संवेदनशीलता जरूरी
पेयजल को लेकर मचे हाहाकार पर सांसद शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले में संवेदनशील नहीं है। राजस्थान में पेयजल को लेकर गर्मियों में समस्या आएगी यह सभी जानते हैं और इसीलिए आपदा प्रबंधन से निपटने के लिए पहले से योजना बनाई जाती है और बजट भी रखा जाता है। लेकिन राज्य सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और नतीजा यह है कि गांवों में हालात खराब हो रहे हैं। पहले तो जलसंकट होने पर ट्रेन तक से पानी की सप्लाई हाेती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए आमजन की आवाज उठाती रही है और जल संकट पर सरकार की चुप्पी व उदासीनता को तोड़ने के लिए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेंगे।
राजनीतिक सवालों के भी दिए जवाब
कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति सहित शर्मा की आगामी विधानसभा चुनाव में भूमिका को लेकर पत्रकारों ने सवाल किए। शर्मा ने इनका बेबाकी से जवाब दिया। विधानसभा चुनाव में उतरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी का आदेश सर्वोपरि है और अगर उन्हें चुनाव लड़ने काे कहा गया तो जरूर लड़ेंगे और संगठन में काम के लिए कहा जाएगा तो पार्टी के सैनिक होने के नाते वहां भी काम करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की आगामी विधानसभा चुनाव में भूमिका पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वे वरिष्ठ नेता हैं और उनकी भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता है। प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट से लेकर शहर राजनीति के तमाम नेताओं के नाम लेते हुए शर्मा ने कहा कि हर कांग्रेसी की चुनाव में भूमिका रहेगी। शर्मा ने कहा कि ऐसी सुगबुगाहट भी है कि लोक सभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ हो सकते हैं। चुनाव आयोग पर उंगली उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में संवैधानिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं। इस मौके पर प्रैस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ रमेश अग्रवाल, प्रैस क्लब के मौजूदा अध्यक्ष प्रताप सनकत, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुंजल, वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में महासचिव विनीत लोहिया ने अाभार प्रकट किया।
शर्मा बने प्रैस क्लब के मानद सदस्य
अजयमेरु प्रैस क्लब ने सांसद डॉ. रघु शर्मा को रविवार को क्लब की मानद सदस्यता प्रदान की है। पूर्व अध्यक्ष डॉ. रमेश अग्रवाल, मौजूदा अध्यक्ष प्रतापसिंह सनकत, महासचिव विनीत लोहिया, पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र चौहान, राजेंद्र गुंजल ने शर्मा को मानद सदस्यता का प्रमाण पत्र सौंपा। प्रैस क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि अजयमेरु प्रैस क्लब राजस्थान के नामचीन प्रैस क्लब में शामिल हो ऐसी उनकी इच्छा है। उल्लेखनीय है कि शांति के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी, रमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित अरुणा राय, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत, प्रख्यात पत्रकार वेद प्रताप वैदिक सहित कई प्रख्यात हस्तियां क्लब की मानद सदस्य हैं।
प्रैस क्लब भवन निर्माण के लिए सांसद शर्मा ने दिए 25 लाख रुपए
अजयमेरू प्रैस क्लब के भवन निर्माण के लिए अजमेर के सांसद डॉ. रघु शर्मा ने सांसद कोष से 25 लाख रुपए देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए आवश्यकता पड़ने पर और राशि की व्यवस्था करने में पीछे नहीं हटेंगे। रविवार को अजयमेरू प्रैस क्लब द्वारा आयोजित मीट द प्रैस कार्यक्रम में उन्होंने राशि देने की घोषणा की। क्लब भवन वैशाली नगर में निर्माणाधीन है। भवन का निर्माण नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है। भूपेंद्र यादव सांसद कोष से 30 लाख, शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी विधायक कोष से 25 लाख दे चुके हैं।