राज्य के विधानसभा चुनाव अभी लगभग छह माह दूर है मगर टिकटों की दावेदारी को लेकर आपसी तल्खियां अभी से उजागर होने लगी हैं।
अजमेर दक्षिण की विधायक एवं महिला व बाल विकास राज्य मंत्री अनिता भदेल मंगलवार को करीब आधा घंटा जिला परिषद कार्यालय में मौजूद रहीं, मगर न तो जिला प्रमुख वंदना नोगिया अपनी पार्टी की वरिष्ठ नेता के स्वागत के लिए अपने कक्ष से बाहर आईं और न अनिता भदेल ने नोगिया की ओर से मोबाइल पर दिया गया चाय का न्यौता स्वीकार किया। विधायक कोष से किए गए कार्यों को लेखा-जोखा लेने जिला परिषद पहुंची अनिता भदेल का सीईओ अरूण गर्ग एवं एसीईओ भगवत सिंह राठौड़ ने पोर्च पर ही स्वागत किया तथा भदेल भी इन दोनों अफसरों के साथ सीधे सीईओ कक्ष में चली गई। जहां वे आधा घंटा मौजूद रही।
वंदना नोगिया ने फोन पर ही भदेल को चाय का न्यौता दिया मगर वे अपने कार्य में मशगूल रही। कुछ देर में वंदना नोगिया भी भदेल से मिले बगैर कार्यालय से चली गई। सूत्रों के अनुसार वंदना नोगिया भी अगले विधानसभा चुनाव में अजमेर दक्षिण से भाजपा के टिकट की आस लगाए हुए है।