कर्नाटक में भाजपा द्वारा बहुमत नहीं होने के बावजूद मुख्यमंत्री की अपनी सरकार बनाने के विरोध में कांग्रेस शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला दहन करेगी।
शहर कांग्रेस प्रवक्ता मुजफ्फर भारती ने बताया कि कर्नाटक में संवैधानिक मर्यादाओं का पतन करके भाजपा द्वारा सत्ता हासिल करने के विरोध में कांग्रेस शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करेगी। विरोध प्रदर्शन में सांसद रघु शर्मा पार्टी के विधायक पूर्व विधायक वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। कांग्रेसी कार्यकर्ता शुक्रवार शाम चार बजे डाक बंगले पर जमा होंगे और यहां से जुलूस के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे जहां भाजपा द्वारा कर्नाटक में सत्ता का दुरुपयोग कर बहुमत नहीं होने के बावजूद सरकार बनाकर संवैधानिक परंपराओं एवं मर्यादाओं के उल्लंघन के विरोध में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करेंगे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने आह्वान किया कि प्रदर्शन में जिला कांग्रेस पदाधिकारी ब्लॉक अध्यक्ष अग्रिम संगठन कांग्रेस के विभाग एवं प्रकोष्ठ पार्षद पूर्व पार्षद पूर्व पदाधिकारी आम कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेकर भाजपा की असंवैधानिक गतिविधियों को मुंहतोड़ जवाब दें।