रामगंज थाना पुलिस ने सांसी बस्ती से पकड़े आरोपी
क्राइम रिपोर्टर | अजमेर
पुलिस के अनुसार भगवान गंज नई बस्ती में सूने मकान से 9 मई की रात्रि को शातिर चोरों ने वारदात कर करीब ढाई लाख का माल पार किया था। थाना प्रभारी अजयकांत के अनुसार पुलिस दल ने तफ्तीश कर वारदात में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों से चोरी की कई वारदातें खुलने की उम्मीद है। आरोपी विशाल उर्फ पादु, विशाल उर्फ गबरु और महावीर से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों ने भगवान गंज नई बस्ती में गोविंद राम के सूने मकान में 9 मई की रात्रि को वारदात की थी। आरोपी 5 सोने की अंगूठी, 7 तोला सोना के जेवर, चांदी के सिक्के, आधा किलो चांदी की कमर बंद, आधा किलो चांदी का अन्य जेवर, एक मोबाइल फोन और नगदी पार किए थे। आरोपियों के साथियों के बारे में पुलिस तफ्तीश कर रही है। आरोपी दिन में सूने मकानों की रेकी करते थे और रात के समय जब पुलिस की गश्त समाप्त होती थी, उस समय वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया है।
हुक्का बार पर दबिश, संचालक गिरफ्तार
क्राइम रिपोर्टर | अजमेर
क्रिश्चयन गंज थाना पुलिस ने एसपी राजेन्द्र सिंह के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माकड़वाली रोड पंचशील नगर में विनायक कॉम्पलेक्स के पास स्थित रॉक यार्ड कैफे एवं लॉज पर दबिश दी। मौके पर कैफे का संचालक नाबालिग लड़कों को हुक्के में तंबाकू युक्त फ्लेवर उपलब्ध करवा रहा था। अभियुक्त राजेन्द्र पुरा हाथीभाटा निवासी मयूरसिंह राठौड़ पुत्र अशोक सिंह को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 4 हुक्के, 4 चिलम, 5 पाइप व तंबाकू युक्त फ्लेवर भरे हुए तीन डिब्बे जब्त किये गए।