कुख्यात वरुण चौधरी गैंग के शार्प शूटर जगत यादव को अलवर गेट थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश से प्रोडक्शन वारंट के जरिए जेल से गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी हरिपाल सिंह के अनुसार आरोपी रामकेश मीणा हत्याकांड का आरोपी है, उससे मुख्य आरोपी वरुण चौधरी के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने अजमेर में गिरोह के नेटवर्क में शामिल कई लोगों के नाम उजागर किए हैं, इनके बारे में पुलिस तफ्तीश कर रही है।
उल्लेखनीय है कि क्लाक टावर थाना पुलिस ने आरोपी जगत यादव को राष्ट्रपति की यात्रा के तीन दिन पहले हथियारों की खेप के साथ पकड़ा था। आरोपी जगत सिंह उर्फ सप्पू यादव पुत्र प्रताप सिंह यादव नटवासा मोहल्ला इटावा निवासी है। जनवरी 2017 में रामकेश मीणा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या करने के बाद उसने अजमेर छोड़ दिया था। उसने वरुण चौधरी के साथ यूपी, बिहार और झारखंड में फरारी काटी। इससे पहले वह वरुण चौधरी के चाचा गैंगस्टर धर्मेंद्र चौधरी और उसके कारोबार में साथी रहे विक्रम शर्मा के साथ लंबे समय तक अजमेर में रहा था। धर्मेंद्र और विक्रम के बीच रंजिश होने के बाद उसने चौधरी का साथ पकड़ लिया था।
धर्मेंद्र चौधरी की हत्या के बाद गिरोह की बागडोर वरूण चौधरी ने संभाल रखी है। वरूण चौधरी गिरोह के नौ लोग रामकेश मीणा हत्याकांड में पकड़े जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद चौधरी ने गिरोह में नए बदमाशों को शामिल करने का सिलसिला जारी रखा है। अलवर गेट थाना पुलिस आरोपी से वरूण चौधरी के खैरख्वाहों के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है।