अजमेर | अजयमेरू प्रैस क्लब हॉट वैदर इन्विटेशनल डबल्स कैरम टूर्नामेंट-2018 प्रैस क्लब के गांधी भवन प्रांगण में 8-10 जून तक आयोजित किया जाएगा। भारतीय जीवन बीमा निगम, भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान व मेज़बान अजयमेरू प्रैस क्लब के सर्वश्रेष्ठ आठ खिलाड़ियों सहित परस्पर समन्वय बनाते हुए कुल सोलह टीमें प्रतियोगिता में प्रतिभागी रहेंगी।
आयोजन सचिव डॉ. अतुल दुबे के अनुसार प्रैस क्लब में प्रतियोगिता हेतु आयोजित बैठक में बीमा निगम के अरुण शर्मा व मोहन सिंह, शिक्षा बोर्ड के संजय तायल व दूरसंचार निगम के गजेंद्र सिंह व सत्यनारायण सीलोन, प्रैस क्लब के राजेंद्र गुंजल, सत्यनारायण जाला, अनिल गुप्ता तकनीकी समिति के श्रीनारायण अग्रवाल, अकलेश जैन, राजकुमार पारीक व अब्दुल सलाम ने भाग लिया। चारों संस्थाओं को प्रतियोगिता की विवरणिका से अवगत करवा दिया गया है। तीस मई को टॉप आठ सीडेड खिलाड़ियों के नाम रैंकिंग ऑर्डर में आयोजन समिति को सौंपने हेतु सूचित किया गया है। अपनी तरह की ये प्रतियोगिता पहली बार अजमेर में आयोजित की जायेगी जिसमें विविध संस्थाओं के श्रेष्ठ खिलाड़ी परस्पर मिल कर टीमों का गठन करेंगे जिससे विभिन्न प्रकार के खेल कौशल को आत्मसात करने का मौका मिलेगा व शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।