प्रदेश के स्कूलों में बनेंगे हैरिटेज क्लब : देवनानी
अजमेर|विश्व विरासत दिवस के अवसर पर बुधवार को पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग राजस्थान, पृथ्वीराज फाउंडेशन, इंटेक अजमेर चैप्टर व लोक कला संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों को उनके आस पास के इतिहास, कला एवं संस्कृति से रूबरू करवाने के लिए सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों में हैरिटेज क्लब बनाए जाएंगे।
देवनानी ने स्मारक में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि हमारी विरासत ही हमारी असली पहचान है और इसके हमें संजोए रखना है।
इंटेक अजमेर चैप्टर के महेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील और राजकीय संग्रहालय को यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स की सूची में शामिल किया जाना चाहिए।