प्रखंड के एनके उच्च विद्यालय में विद्यालय विकास समिति की बैठक विद्यालय के भू-दाता सदस्य सर्वेश्वर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में की गई। बैठक में मौजूद बीडीओ मिनहाज अहमद ने उपस्थित शिक्षकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों से कहा कि विद्यालय में वैसे तो किसी प्रकार की कुछ खास कमी नहीं दिख रही है, बावजूद विद्यालय में कुछ मूलभूत सुविधाओं की कमी है। जिसे जल्द ही स्थानीय विधायक से मिल कर दूर कर दिया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को समय पर आने और समय पर जाने का निर्देश देते हुए कहा कि अपने कर्तव्य का पालन करें। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का अध्यक्ष स्थानीय विधायक होता है। यही कारण है कि आजतक इस विद्यालय का पर्याप्त विकास नहीं हो पाया। विधायक के द्वारा विद्यालय कमेटी का गठन नहीं करवाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं इस दौरान सदस्य श्री सिंह ने कहा कि एक समय था जब यह विद्यालय कई जिलों में अपना वर्चस्व बनाए हुए था। लेकिन हाल के दिनों में विद्यालय की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी थी। कुछ माह से प्रधानाध्यापक के द्वारा किए गए प्रयास से विद्यालय धीरे-धीरे पुनः पटरी पर लौट रह है। इसके लिए एचएम धन्यवाद के पात्र हैं। हमलोग एचएम के द्वारा विद्यालय में शिक्षण एवं अनुशासन कार्य के लिए उठाए गए कदम का स्वागत के साथ साथ हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हैं। बैठक के दौरान स्कूल के तालाब के जीर्णोद्धार व नीलामी को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। मौके पर पंसस राजकिशोर साह, मुखिया प्रतिनिधि अनिल सिंह, आशुतोष मिश्र, ग्रामीण जनार्दन साह, टुनटुन सिंह, रिंटू कुमार मिश्र, नवीन झा, इंदल मिस्त्री, अमर साह कई शिक्षक मौजूद थे।