बखरी थाना क्षेत्र के गंगरहो गांव से बीते 10 मई को लापता नाबालिग छात्रा को बखरी पुलिस ने हरियाणा पुलिस के सहयोग से हिसार से बरामद कर लिया। मामले के आरोपी अलौली थाना क्षेत्र के हरिपुर निवासी पांडव राय का पुत्र सौरभ कुमार को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि नाबालिग छात्रा की मां गंगरहो निवासी ललिता देवी द्वारा बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें बताया गया था कि उनकी पुत्री अपने गांव से बखरी बाजार स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने गई थी। तभी आरोपी सौरभ सहित कुल चार लोगों ने गलत नीयत से उसका अपहरण कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हरियाणा पुलिस के सहयोग से हिसार से अपहरणकर्ता सौरभ को उक्त नाबालिग छात्रा के साथ बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि नाबालिग लड़की को 164 के बयान तथा मेडिकल के लिए बेगूसराय भेजा गया है। मामले में प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है।