यह दो तस्वीर खगड़िया जिले के अलौली और सदर प्रखंड के सीमा क्षेत्र की है। जिला मुख्यालय से महज कुछ ही दूरी पर यह घाट स्थित है। अलौली के सोनमनकी गांव जाने के लिए आपको पहले पुल से कोसी नदी पार करना होगा। इसके बाद आपकी संघर्ष भरी यात्रा शुरू होगी। कोसी नदी की उपधारा सुगरकोल को पार करने के लिए आपको नाव की मदद लेनी होगी। यहां अगर आप नाव से सुरक्षित नदी पार कर भी गए तो आगे हादसे को आमंत्रण दे रही सड़क आपका इंतजार करती मिलेगी। बीते गुरुवार को सुगरकोल घाट पर मक्का लदा ट्रैक्टर नाव सहित पानी में डूब गया था। हालांकि, नाव पर सवार लोग किसी तरह बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां तो हम प्रतिदिन मौत का सामना करते हैं। अगर नदी से सुरक्षित निकल भी गए तो अत्यधिक जर्जर सड़क हमारे दुर्घटनाग्रस्त होने की राह देख रही है।