अलवर | हेल्पिंग हैंड्स की टीम ने क्लीन अलवर मूवमेंट के तहत रविवार को बसंत विहार के पार्क की सफाई की। दो घंटे की सफाई के बाद पार्क निखर गया। टीम का यह 186वां रविवारीय सफाई कार्यक्रम था, जिसमें युवाओं में सफाई को लेकर काफी उत्साह रहा। हेल्पिंग हैंड्स के शाहरुख खान एवं प्रतीक साईवाल ने बताया कि टीम सदस्य सुबह पौने सात बजे पार्क में पहुंचे। दो हिस्सों में बंटे पार्क में झूले वाला हिस्सा काफी गंदा था। यहां पॉलीथिन, दोना-प्लेट्स, पानी व कोल्ड ड्रिंक की बोतलें आदि कचरा पड़ा था। टीम के सदस्यों ने सफाई कार्य में जुटकर पॉलीथिन, गुटखे के पाउच, दोना-प्लेट्स, प्लास्टिक एवं कांच की बोतलों को कट्टों में इकट्ठा किया और मुख्य मार्ग पर रखे डस्टबिन में डाल दिया। इसके बाद पार्क के दूसरे हिस्से की सफाई की गई। टीम के सर्वेश, शेरसिंह एवं यमन सोनी ने बताया कि पार्क से पॉलीथिन एवं कचरे को बीनने के बाद वॉकिंग ट्रैक को झाड़ू लगाकर साफ किया। पार्क में रोजाना आने वाले विनोद अरोड़ा ने बताया कि पार्क के रखरखाव पर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। यहां नियमित सफाई भी नहीं होती और डस्टबिन भी नहीं है। क्षेत्र के अनुराग, भव्य, कुणाल, यश, कार्तिकेय, विश्वास, आयुष, गौरव, संगम, रवि, देव, ऋषभ, युवराज, हिमांशु, नीतिज्ञ, नितिन, मानव, डॉ. बिजेंद्र जैन, विनोद अरोड़ा आदि ने सफाई में सहयोग किया।