अलवर| आईपीएल मैचों में लाखों लीटर पानी की बर्बादी और मैचों में लग रहे सट्टे को रोकने की मांग को लेकर रविवार को शहर के मूंगस्का निवासी हैदर अली ने दिल्ली में फिरोजशाह कोटला मैदान के बाहर काले गुब्बारे छोड़ कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि पूर्व में मुंबई हाईकोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट ने बीसीसीआई को आईपीएल मैच अपने राज्यों से बाहर कराने का आदेश दिया था। देश के नौजवान घर की जमा पूंजी को आईपीएल मैचों में सट्टे में बर्बाद कर रहे हैं। सट्टे को लेकर चंडीगढ़ हाईकोर्ट में मामला भी चल रहा है। आईपीएल मैचों को रुकवाने के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल दिल्ली में पानी की बर्बादी को रोकने के लिए याचिका लगाई गई थी, लेकिन एनजीटी ने मैच को रोकने के बजाय लंबी तारीख दे दी। हैदर ने बताया कि उन्होंने उक्त सभी समस्याओं को लेकर 17 मई को राजघाट में भूख हड़ताल के लिए अनुमति मांगी, लेकिन प्रशासन ने उनकी अनुमति को निरस्त कर दिया। इस दौरान हैदर के साथ जगदीश यादव, राघवेंद्र सिंह फौजदार, योगेश, ललित, एसएस भाटी व पुरुषोत्तम आदि मौजूद रहे।