दलितों पर दमन के खिलाफ माकपा का प्रदेशभर में प्रदर्शन आज
जयपुर | दो अप्रैल के भारत बंद के बाद प्रदेशभर में दलित समुदाय के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तारी के विरोध में माकपा की ओर से मंगलवार को प्रदेशभर में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। जयपुर में सुबह 11 बजे सिविल लाइंस फाटक पर माकपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन देंगे। माकपा के राज्य सचिव और पूर्व विधायक कॉमरेड अमरा राम ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन ने जितनी सजगता 10 अप्रैल के बंद के दौरान दिखाई, उतनी ही यदि 2 अप्रैल को भी दिखाई होती तो देशभर में 18 लोगों को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती। अमरा राम ने कहा कि खैरथल में बंद के बाद सब कुछ शांत हो जाने पर पुलिस ने गोलियां चलाई, जिसमें एक युवक की जान चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी आंदोलन को शांत करने के लिए पहले आंसू गैस और रबर की गोलियां दागी जाती हैं, उसके बाद जरूरत पड़ने पर पैरों में गोली मारी जाती है, लेकिन अलवर में पुलिस ने युवक के सिर में गोली मारी है। अमरा राम ने कहा कि आंदोलन के बाद निर्दोष लोगों के खिलाफ जिस तरह मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तारियां की जा रही हैं और सरकारी कर्मचारियों को नोटिस भिजवाए जा रहे हैं, यह दमन की पराकाष्ठा है। उन्होंने बताया कि अलवर जिले के खैरथल में आंदोलन के बाद पुलिस ने घरों में घुसकर महिलाओं के साथ बदसलूकी की।