पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • वीडियो में दिखा युवक जेल से गिरफ्तार बोला 6 माह पहले सरपंच के घर बनाया था

वीडियो में दिखा युवक जेल से गिरफ्तार बोला-6 माह पहले सरपंच के घर बनाया था

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अत्याधुनिक हथियारों के जखीरे के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में आखिर पुलिस की नींद टूटी। सोमवार को भास्कर में वीडियो का समाचार प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने बदमाशों के आधा दर्जन संदिग्ध ठिकानों पर छापे मारे। वहां कोई पकड़ नहीं आया तो वीडियो में दिख रहे एक युवक देवेंद्र गुर्जर की पहचान कर उसे जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में देवेंद्र ने खुलासा किया कि वीडियो छह माह पहले हरियाणा के गोठडी गांव में सरपंच के घर पर बनाया गया। अब दहशत फैलाकर उगाई करने के लिए इसे वायरल किया गया। बीएड तक पढ़ा-लिखा देवेंद्र मारपीट व हत्या की धमकी देने के मामले में बहरोड़ जेल में बंद है। थाना अधिकारी महावीर सिंह शेखावत ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों के जखीरे और बदमाश गिरोह के वीडियो मामले में सोमवार को कांकरा मोहम्मदपुर, मोहम्मदपुर, पहाड़ी व जैनपुरवास में दबिश दी गई, लेकिन कोई बदमाश पकड़ नहीं आया। वीडियो से जुड़े तथ्य पता लगाने के लिए हत्या की धमकी देने के आरोप में जेल में बंद कांकरा मोहम्मदपुर निवासी फूसिया उर्फ किलर उर्फ देवेन्द्र गुर्जर पुत्र रामनिवास गुर्जर को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। उसने बताया कि सोमवार को वायरल किया गया वीडियो 6 माह पहले नांगल चौधरी में गोठड़ी गांव की सरपंच के मकान पर बनाया गया। सरपंच की दादी की मौत होने पर रस्म-पगड़ी में दर्जनों गांवों से लोग आए थे। तब अवैध हथियारों से हवाई फायर भी किए गए और यह वीडियो बनाया गया। उसने बदमाशों के कई राज पुलिस को बताए हैं।

पुलिस गिरफ्त में आरोपी देवेन्द्र।

भास्कर ने सोमवार को हथियारों के साथ बदमाशों के वायरल वीडियो का समाचार प्रकाशित किया था। वीडियो में बदमाश हथियारों के जखीरे के साथ नजर आए थे।

फूसिया ने कर रखी है बीएड, चांदनाथ शराबी

फूसिया ने पुलिस को बताया कि उसने बीएड कर रखी है। नौकरी का प्रयास कर रहा था, लेकिन गांव के सतना व अन्य युवकों ने मारपीट कर उसे अपराध की दुनिया में धकेल दिया। ये वीडियो दहशत फैलाकर उगाई करने के लिए वायरल किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि एक माह पहले आए वीडियो में हिस्ट्रीशीटर जसराम गुर्जर को जान से मारने की धमकी भरा वीडियो वायरल करने वाला गांव पहाड़ी निवासी बदमाश चांदनाथ भूमिगत हो गया है। उसकी तलाश में पुलिस कई बार दबिश दे चुकी है। शराबी व घुमक्कड़ होने से वह हर बार निकल जाता है।

गांव के लोगों में दहशत

क्षेत्र के गुर्जर बाहुल्य पहाड़ी, कांकरा मोहम्मदपुर, जैनपुरवास के ग्रामीणों ने बताया कि युवक हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर आने से दहशत बनी है। बदमाश युवक गांव के घरों में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़, हवाई फायरिंग व मारपीट की घटनाएं कर चुके हैं।

खबरें और भी हैं...