पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हादसों में 58% मौतों का कारण वाहनों की ओवर स्पीड, डीजीपी ने परिवहन आयुक्त को लिखा पत्र

हादसों में 58% मौतों का कारण वाहनों की ओवर स्पीड, डीजीपी ने परिवहन आयुक्त को लिखा पत्र

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रदेश में सड़क हादसों में होने वाली आधी से ज्यादा मौतों का कारण वाहनों का तेज रफ्तार में होना रहा है। परिवहन विभाग स्पीड गवर्नर के जरिए वाहनों की तेज रफ्तार पर लगाम लगाएगा। दरअसल पुलिस महानिदेशक ओपी गल्होत्रा ने परिवहन आयुक्त शैलेंद्र अग्रवाल को पत्र लिखकर बताया कि दुर्घटनाओं में हुई मौतों में राजस्थान देश में 5वें स्थान पर है। दुर्घटनाओं की यह गंभीर स्थिति है कि प्रत्येक 100 दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या 2013 में 41.2% थी जो 2016 में बढ़कर 45.4 % हो गई। इसके बाद के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। वर्ष 2017 में हुई सड़क दुर्घटनाओं में हुई 58.30 % मौतों का कारण वाहनों का ओवर स्पीड होना रहा। इसलिए मोटर वाहन एक्ट के संशोधित प्रावधानों को अनिवार्य रूप से लागू कराएं। एक्ट में प्रावधान है कि 1 अक्टूबर 2015 के बाद निर्मित परिवहन श्रेणी के वाहनों में वाहन निर्माता द्वारा निर्माण स्तर या डीलर के स्तर पर गति नियंत्रक लगाया जाएगा। इससे पहले के बने वाहनों पर राज्य सरकार अधिसूचना जारी कर मानकों के अनुसार स्पीड गर्वनर लगाएं ताकि दुर्घटनाओं व उससे होने वाली मौतों के आंकड़ों में कमी लाई जा सके। डीजीपी ने सवाईमाधोपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया 23 दिसंबर 2017 को ब्रिज से बस गिरने से हुई 33 व्यक्तियों की मौत भी ओवर स्पीड का ही उदाहरण है। परिवहन विभाग व पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से 23 अप्रैल से सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जाना है। ऐसे में दोनों विभागों का प्रमुख जोर वाहनों की स्पीड पर लगाम लगाना रहेगा।

स्पीड गर्वनर को लेकर आयुक्त के आदेश मिले हैं। जल्दी ही सड़क सुरक्षा सप्ताह व इससे पहले भी उड़नदस्तों द्वारा वाहनों की स्पीड के मामले में कार्रवाई की जाएगी। -अशोक शर्मा, जिला परिवहन अधिकारी

स्पीड गर्वनर से वाहनों की रफ्तार पर लगाएंगे लगाम

खबरें और भी हैं...