- Hindi News
- National
- सभापति के वार्ड में पानी की बोरिंग खराब खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे लोग, प्रदर्शन
सभापति के वार्ड में पानी की बोरिंग खराब खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे लोग, प्रदर्शन
अलवर. सिंगल फेज बोरिंग खराब होने के कारण स्कीम दो स्थित टिटोड़ा मोहल्ले में पानी की समस्या है। इस कारण खाली बर्तनों की लाइन लगी हुई है। वार्ड नं. 46 का यह वार्ड सभापति अशोक खन्ना का है।
सभापति बोले-मेरे पास कोई शिकायत लेकर नहीं आया, शाम को ही लोग उनके घर पहुंच गए
भास्कर संवाददाता| अलवर
शहर के स्कीम नंबर 2, वार्ड नंबर 46 स्थित टिटोड़ा मोहल्ला के निवासियों ने मंगलवार को सिंगल फेज बोरिंग खराब होने के कारण पहले खाली बर्तनों को लाइन में रखकर प्रदर्शन किया। इसके बाद नगरपरिषद सभापति अशोक खन्ना के पुतले को जूतों की माला पहनाई।
लोगों का कहना था कि इस समस्या को लेकर वे सभापति से मिले तो उन्होंने बोरिंग ठीक कराने व प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। उधर, जब इस संबंध में सभापति से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह वार्ड उनका है। टिटोड़ा मोहल्ले से कोई भी व्यक्ति इस समस्या को लेकर उनसे मिलने नहीं आया। सभापति ने कहा कि मैं पूरे अलवर शहर में सिंगल फेज बोरिंग ठीक करा रहा हूं तो अपने वार्ड क्षेत्र में बोरिंग ठीक क्यों नहीं कराऊंगा। मेरे पास लोग आएं तो बोरिंग ठीक करा दी जाएगी। सभापति की कही यह बात जब टिटोड़ा मोहल्ले के लोगों को पता चली तो वे शाम को ही सभापति के घर पहुंच गए। इस दौरान खन्ना ने क्षेत्र के लोगों की पहले तो बात ही नहीं सुनी। फिर महिलाओं ने दबाव बनाया तो खन्ना ने कहा कि उनके क्षेत्र की बोरिंग तो वे पहले ही ठीक करा चुके हैं। जब क्षेत्र के लोगों ने बताया कि बोरिंग ठीक नहीं हुई तो खन्ना ने ठेकेदार से फोन पर बात की और कहा कि आप बोरिंग ठीक नहीं कर रहे। यहां लोग हमें परेशान कर रहे हैंं। इसके बाद खन्ना ने लोगों को बताया कि सुबह उनकी सिंगल फेज बोरिंग ठीक हो जाएगी। इसके बाद लोग सभापति के घर से लौट आए।
अलवर. पानी की समस्या को लेकर सभापति के पुतले को जूते-चप्पलों की माला पहनाते लोग।
राजगढ़ में पेयजल संकट से परेशान महिलाएं एसडीएम के घर पहुंचीं तो लताड़कर भगाया
राजगढ़| कस्बे के सराय बाजार, वार्ड.10, 14, बारलाबास, थाना रोड, कुंड मोहल्ला, माली मोहल्ला सहित शहर के दर्जनों वार्डों में विगत दो माह से पेयजल की समस्या बनी हुई है। इससे त्रस्त लोगों ने सराय बाजार में जाम लगाकर रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड को जाने वाले मार्ग को बाधित कर दिया। लोगों ने सड़क मार्ग पर कटीली झाड़ियां व टायर जलाकर प्रशासन एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रोष व्यक्त किया। पार्षद अनिल गुप्ता व खेमसिंह आर्य ने बताया कि इससे पूर्व सुबह पेयजल की मांग को लेकर एसडीएम निवास पहुंचे लोगों को उपखंड अधिकारी आशीष मोदी व तहसीलदार अनिल चौधरी ने लताड़ लगाते हुए उनके निवास से बाहर निकलने व क्रिमनल एक्ट के तहत मामला दर्ज कराए जाने की बात कही। पेयजल समस्या से त्रस्त महिला-पुरूषों ने उनके साथ उपेक्षा पूर्ण व्यवहार किए जाने की निंदा की। इसके बाद सड़क मार्ग पर टायर जलाकर जाम लगाया। एसडीएम आशीष मोदी का कहना है कि यदि आपके घर में कोई नहीं हो और बिना परमिशन पीछे से कोई आपके बैडरूम तक व घर में घुसे तो इसे आप क्या कहेंगे। पीछे से बिना परमिशन घर में घुसना क्राइम के दायरे में आता है। इसके अलावा लोगों से कुछ नहीं कहा।