जलदाय विभाग के कार्यालय में किया प्रदर्शन
शहर में पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने जलदाय विभाग के मनु मार्ग स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान एईएन व एक्सईएन कार्यालय में नहीं मिले, जिस कारण कुछ लोगों को निराश होकर घर लौटना पड़ा तो वहीं कुछ लोगों ने एसई से मिलकर समस्या बताई। करौली कुंड मोहल्ले में फिर से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को क्षेत्र की महिलाएं जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंची। काफी देर तक इन महिलाओं ने अधिकारियों का इंतजार किया। बाद में वे घर लौट गईं। इन महिलाओं ने बताया कि कुछ समय पहले जलदाय विभाग ने खराब ट्यूबवेल सही कराया था लेकिन अब फिर से पानी नहीं मिल रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं लेकिन समस्या दूर नहीं हाे रही। इसी तरह ब्रह्मचारी मोहल्ला व गाय वाला मोहल्ले की महिलाओं ने भी पानी की समस्या को लेकर जलदाय विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इन महिलाओं ने बताया कि पिछली बार की तरह इस बार भी गर्मी का मौसम शुरू होते ही उन्हें पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। एईएन व एक्सईएन कार्यालय में मिल ही नहीं रहे हैं। बाद में इन महिलाओं ने एसई से मिलकर अपनी समस्या बताई। इसी प्रकार दारू कूटा क्षेत्र में व्याप्त पानी की समस्या को लेकर क्षेत्र के निवासियों ने एसई के समक्ष आक्रोश व्यक्त किया। इन लोगों का कहना था कि पिछले तीन दिन से पानी की समस्या से परेशान हो रहे हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। पानी की समस्या को लेकर रथखाना क्षेत्र के निवासी तथा वार्ड 36 के पार्षद निरंजन सैनी व वार्ड 39 के पार्षद नवजोत भमलोत भी एसई से मिले और पानी की समस्या दूर करने की मांग की।
जलदाय विभाग के दफ्तर में अधिकारियों का इंतजार करती महिलाएं।