पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहर में मौन जुलूस व कैंडल मार्च निकाल दुष्कर्म पीड़िता बेटियों के लिए मांगा न्याय

शहर में मौन जुलूस व कैंडल मार्च निकाल दुष्कर्म पीड़िता बेटियों के लिए मांगा न्याय

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अलवर. शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि देता आर्य कन्या विद्यालय समिति का स्टाफ एवं छात्राएं।

भास्कर संवाददाता | अलवर

कठुआ व उन्नाव में हुई दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को जिला महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी के नेतृत्व में मौन जुलूस निकाल गया। इस दौरान भाजपा सरकार को दिन के उजाले में भी लालटेन जलाकर पीड़ित परिवारों का दर्द दिखाने का प्रयास किया गया और बच्चियों एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। सुबह 11 बजे नगर परिषद स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कालीपट्टी बांधकर कांग्रेस से जुड़ी महिलाओं ने कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक तक मौन जुलूस निकाला। शहीद स्मारक पर कैंडल जलाकर दुष्कर्म पीड़ित मृत बच्ची की आत्मा की शां‍ति एवं भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की गई।

इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व विधायक पुष्पा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं प्रदेश की मुख्यमंत्री दोनों की मानसिकता महिला विरोधी है। देश में मासूमों एवं महिलाओं से मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाओं में वृद्धि हो रही है। कठुआ और उन्नाव की घटनाओं ने सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, एसिड अटैक और अन्य हिंसा की शिकार पीड़िताओं की सुरक्षा के लिए कांग्रेस की सरकार द्वारा पूर्व में स्थापित निर्भया फंड में से मौजूदा सरकार 5 साल में 10 प्रतिशत राशि भी खर्च नहीं कर सकी है। कार्यक्रम में जवाहर जैन, सीएल जाजोरिया, प्रदीप सिंह, उमरदीन खान, रिपुदमन गुप्ता, सुनील पाटोदिया, महेन्द्र सैनी, इंद्रेश लोहेरा, गुरुदयाल सैनी, अंशुल सैनी, विजय सिंह गुर्जर, डॉ. पुष्पा गुप्ता सहित अनेक कांग्रेसी मौजूद थे।

इसी प्रकार आर्य कन्या विद्यालय समिति की ओर से कठुआ एवं उन्नाव की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को वैदिक विद्या मंदिर से कैंडल मार्च निकाला गया। इसकी अगुवाई प्रधान जगदीश प्रसाद गुप्ता ने की। दोनों घटनाओं के विरोध में और बेटियों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए नारे लगाते हुए और हाथों में बैनर लिए हुए कैंडल मार्च आर्य कन्या स्कूल से शहीद स्मारक तक निकाला गया। इस दौरान अशोक आर्य, प्रदीप आर्य सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

मौन जुलूस निकालती महिला कांग्रेस कार्यकर्ता।

खबरें और भी हैं...