अलवर| जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई। जिलाध्यक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में मोती डूंगरी स्थित पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने 5 पौधे लगाकर पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। जिलाध्यक्ष जूली ने कहा कि पिछले दिनों आए तूफान के कारण जिले में हजारों की संख्या में पेड़ों को नुकसान हुआ। जिसकी भरपाई के लिए आने वाले मानसून में जिला कांग्रेस कमेटी पूरे जिले में 5100 पौधे लगाएगी। कार्यक्रम में बानसूर विधायक शकुंतला रावत, जिला प्रमुख रेखा राजू यादव, पूर्व विधायक कृष्ण मुरारी गंगावत, राजेन्द्र गंडूरा, पूर्व जिला प्रमुख साफिया खान, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक दीक्षित, प्रदीप आर्य, जगदीश बेनीवाल, कमलेश सैनी, नरेन्द्र शर्मा, डॉ. पुष्पा गुप्ता आदि मौजूद थे। इसी प्रकार अखिल भारतीय राजीव गांधी ब्रिगेड ने देहली दरवाजा अंदर स्थित कार्यालय में विचार गोष्ठी आयोजित की। इसमें राष्ट्रीय सचिव रमेश जुनेजा, शहर प्रभारी राकेश पंडित, जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, शहर अध्यक्ष राजेश सोनी, शहर उपाध्यक्ष रतन सेठी ने विचार रखे। इसी प्रकार राजस्थान कांग्रेस पेंशनर्स प्रकोष्ठ शाखा की ओर से राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। जेवीवीएनएल के पूर्व अभियंता हरिराम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में राजीव गांधी के भारत विकास में योगदान विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जीडी मीणा, संरक्षक जीएम व्यास, मंगतू राम शर्मा, गिर्राज जाटव आदि मौजूद थे।
अलवर. मोती डूंगरी स्थित पार्क में पौधे लगाते कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता।