मत्स्य यूनिवर्सिटी द्वारा एमए प्रीवियस के हिंदी, भूगोल व इतिहास की परीक्षा को टाइम टेबल जारी होने व प्रवेश पत्र जारी करने के बाद स्थगित किए जाने का छात्रों ने सोमवार को यूनिवर्सिटी पहुंचकर विरोध जताया। मत्स्य यूनिवर्सिटी संघर्ष समिति के विष्णु चावड़ा के नेतृत्व में छात्रों ने कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और यूनिवर्सिटी में हो रही धांधली के लिए कुलपति को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। छात्र हकमुदीन ने बताया कि वीसी के संरक्षण में तमाम गड़बड़ी हो रही और वे खुद कार्रवाई के बजाए सभी को बचाने में लगे हुए हैं ऐसे में छात्रों का समय अंधकारमय हो रहा है। अब तक पेपर लीक प्रकरण की जांच पूरी नहीं की गई और आए दिन नए नए मामले सामने आ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि यदि वीसी इसमें लिप्त नहीं हैं तो कार्रवाई करें और जवाब दें। आखिर कब तक बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता रहेगा। इस दौरान छात्रों ने वीसी का घेराव किया तो बजाए छात्रों को जवाब देने के वे निकल गए। मौके पर शिवाजी पार्क थानाधिकारी ने कुलपति से छात्रों की बात कराई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। विष्णु चावड़ा का कहना है कि तीन दिन के अंदर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस दौरान कला कॉलेज से हरीश कुमार, सुनील गुर्जर, वीरेंद्र, सतवीर, सुनील, हरीश आदि छात्र मौजूद रहे।
लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
अलवर. सोमवार को यूनिवर्सिटी पर प्रदर्शन करते छात्र।