जलदाय विभाग की ओर से टैंकरों से पानी की सप्लाई बढ़ाने और टैंकर सप्लाई करने वाले ठेकेदारों के वर्ष 2016 के बकाया बिलों का भुगतान करने के लिए कार्रवाई शुरू की है। पिछले तीन दिन में विभाग की ओर से औसत रूप से 70 टैंकर पानी प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर भेजा। विभाग ने सोमवार से 90 टैंकर पानी भेजने का आश्वासन शुक्रवार को हुए प्रदर्शन के दौरान दिया था। अतिरिक्त मुख्य अभियंता महेश सेठी ने बताया कि विभाग की ओर से शहर में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए टैंकरों की संख्या को बढ़ाया गया है। शनिवार को शहर में 68 टैंकर पानी भेजा गया। इसके बाद रविवार को शहर में 72 टैंकर पानी की सप्लाई की। उन्होंने बताया कि टैंकरों की संख्या डिमांड के अनुसार बढ़ाई जा रही है। साथ ही विभाग ने वर्ष 2016 में पानी के टैंकर जलदाय विभाग के लिए सप्लाई करने वाले ठेकेदारों के अबतक नहीं हुए भुगतान के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। भुगतान नहीं होने के कारण विभाग को टैंकर सप्लाई करने में दिक्कतें आ रही थी। विभाग के एसई आदित्य शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम सात बजे तक शहर में खंड एक में 32, खंड दो में 22 व खंड तीन में 16 टैंकर पानी सप्लाई किए गए। कुल 70 टैंकर पानी सप्लाई किया जा चुका है। फिलहाल 9 वाहन पानी की सप्लाई के लिए फेरे लगा रहे हैं शाम को भी पानी की सप्लाई जारी थी। शर्मा ने जानकारी दी कि लीकेज ठीक करने के लिए विभाग का अभियान शुरू कर दिया गया है। सोमवार को मालवीय नगर में लीकेज ठीक किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार को जितनी मांग आई उसके अनुसार पानी के टैंकर भेजे गए।