पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अंबेडकर जयंती पर शहर में कड़ी चौकसी, विजय नगर मैदान में होगा मुख्य समारोह

अंबेडकर जयंती पर शहर में कड़ी चौकसी, विजय नगर मैदान में होगा मुख्य समारोह

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग अधिकार मंच की ओर से भारत र| डॉ. भीमराव अंबेडकर की 127वीं जयंती शनिवार सुबह 10 बजे जेल चौराहा स्थित विजय नगर मैदान में एकता और भाईचारा दिवस के रूप में मनाई जाएगी। यह जिले का मुख्य समारोह होगा, जिसमें सभी समाजों के लोग शामिल होंगे। इसमें संगीत व गायन पार्टी डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन का चित्रण करेगी। यह कहना है अधिकार मंच के संयोजक सूरजमल कर्दम, जिला मेव पंचायत के शेर मोहम्मद और सरस डेयरी चेयरमैन बन्नाराम मीणा का। एक होटल में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सुबह 8 बजे अंबेडकर चौराहा स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। समारोह के लिए संयोजक मंडल, सह संयोजक मंडल बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ एवं अधिवक्ता प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। इन्हें समारोह के शांतिपूर्ण आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने धारा 144 लगाकर लोगों में भय व्याप्त कर रखा है, जिसके कारण समाज के लोग तहसील स्तर पर जयंती समारोह नहीं मना पा रहे हैं। समाज आजादी के 70 साल बाद भी आपातकाल जैसे माहौैल में जयंती मनाने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने शोभायात्रा पर रोक लगाने पर प्रशासन का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर को जाति व्यवस्था के कारण सम्मान नहीं मिला तो उन्होंने 14 अक्टूबर 1956 को बौद्ध धर्म ग्रहण किया। डॉ. अंबेडकर एक कौम के नहीं, अपितु हर जाति और समुदाय के सम्माननीय व्यक्तित्व थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन को भी आश्वस्त कर दिया गया है कि समारोह में कोई उपद्रव नहीं होगा, लेकिन प्रशासन कार्यक्रम में व्यवधान नहीं डाले, उनका सहयोग करे। उन्होंने आरोप लगाया कि 2 अप्रैल का उपद्रव पुलिस और प्रशासन की नाकामी के कारण हुआ। वे अगर एससी एसटी की ताकत को समझते तो ऐसा नहीं होता।

अलवर. शहर के 60 फुट रोड पर फ्लैग मार्च करते पुलिस के जवान।

पूर्व संध्या पर तूलेड़ा में हुआ दीपदान कार्यक्रम
अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर पर तूलेड़ा स्थित अंबेडकर भवन में दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उपसरपंच बबीता वर्मा थी। इस अवसर पर अंबेडकर विकास समिति के जगदीश वर्मा, रतन लाल, लल्लूराम, रामजीवन, रेखा, सविता वर्मा आदि मौजूद थे।

बुध विहार में अंबेडकर भवन का शिलान्यास आज : नगर परिषद की ओर से बुध विहार में अंबेडकर भवन बनवाया जाएगा। इसका शिलान्यास शनिवार को सुबह आठ बजे विधायक बनवारी लाल सिंघल करेंगे।

कॉलेजों में गोष्ठी व परिचर्चा का आयोजन
कला कॉलेज में शुक्रवार को उप प्राचार्य नीलाभ पंडित की अध्यक्षता में बाबा साहेब अंबेडकर व्यक्तित्व एवं कृतित्व विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में डॉ. शौकत अली ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की राजनीतिक दृष्टि दूरगामी थी। गोष्ठी को डॉ. जुनू सिंह व डॉ. अनिता माथुर ने भी संबोधित किया। इधर, गौरीदेवी कॉलेज में परिचर्चा का आयोजन किया गया। आयोजन के मुख्य वक्ता डॉ. उमेश राय ने अंबेडकर के जीवन-दर्शन पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता डॉ. आरती माथुर ने की।

आज होंगे कई कार्यक्रम
डॉ.अंबेडकर विचार विकास समिति की ओर से सुबह 7 बजे अंबेडकर सर्किल स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। बिलूची का कुआं स्थित समिति कार्यालय पर सुबह 8 बजे विचार गोष्ठी होगी व 10 बजे सामूहिक उपवास रखेंगे। डॉ. भीमराव ज्ञानप्रकाश समिति की ओर से सुबह 7 बजे अंबेडकर छात्रावास व 8 बजे अंबेडकर सर्किल स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन की ओर से सुबह 8.30 बजे अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। बसपा की ओर से सुबह 10 बजे अंबेडकर सर्किल पर आमसभा की जाएगी। मुख्य अतिथि धर्मवीर सिंह अशोक होंगे। शहर मीणा समाज सुधार समिति के कार्यकर्ता विजय नगर में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से संविधान गौरव सप्ताह के तहत दोपहर 2 बजे दाऊदपुर शिव मंदिर और शाम 4 बजे लालखान अखैपुरा मोहल्ले में विचार गोष्ठी होगी। जिला प्रवक्ता सोहनलाल सुलानिया ने बताया कि कार्यक्रम में एससी मोर्चा जिला प्रभारी बने सिंह, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष मदन गोपाल आदि मौजूद रहेंगे।

खबरें और भी हैं...