पेंशनर्स की सबसे ज्यादा शिकायतें 7वें वेतन आयोग का लाभ नहीं मिलने की
अलवर | राजस्थान पेंशनर समाज के पेंशनर भवन स्थित कार्यालय में एक सप्ताह में आई परिवेदनाओं में सर्वाधिक 7वें वेतन आयोग के परिलाभ से जुड़ी हुई हैं। जिला प्रवक्ता पुष्कर वर्मा ने बताया कि इन परिवेदनाओं में ज्यादातर पेंशनर्स को बैंकों की ओर से पेंशन स्थिरीकरण की प्रति अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे यह पता करना मुश्किल हो रहा है कि पेंशनर्स को परिलाभ का भुगतान सही किया है या नहीं। जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा की अध्यक्षता में हुई परिवेदना समिति की बैठक में सामने आया कि पेंशनर्स के अनुपलब्धता प्रमाणपत्रों के आधार पर खरीदी गई दवाइयों के बिल महाप्रबंधक कार्यालय में पेंडिंग हैं, जिससे पेंशनर्स में रोष है। जिला मंत्री रामबाबू शर्मा ने बताया कि पेंडिंग बिलों के बारे में कोषाधिकारी और उपभोक्ता भंडार के महाप्रबंधक से बातचीत की जाएगी।