- Hindi News
- National
- विवाहिता की हत्या में गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
विवाहिता की हत्या में गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
भास्कर संवाददाता | अलवर/प्रतापगढ़
जैतपुर सिलीबावड़ी निवासी विवाहिता काजल गुर्जर (24) की हत्या कर शव कुएं में डालने के मामले में तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को गुर्जरों का गुवाड़ा व आसपास के गांवों के लोगों ने प्रतापगढ़ थाने का घेराव किया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार 13 मई को जैतपुर सिलीबावड़ी निवासी विवाहिता काजल गुर्जर प|ी मुकेश का शव कुएं में मिला था। मामले की रिपोर्ट प्रतापगढ़ थाने में लड़की के पिता रामकरण गुर्जर ने दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि मेरी पुत्री काजल को ससुराल पक्ष वाले दहेज की मांग को लेकर परेशान करते थे और उसकी हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया गया। सूचना पर पुलिस ने कुएं में से शव निकलवाया व प्रतापगढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव ससुराल पक्ष को सौंप दिया गया। शव की सुपुर्दगी के वक्त राजगढ़ डीएसपी ताराचंद बालोद, प्रतापगढ़ थानाधिकारी विजय कुमार तिवाड़ी ने पीहर पक्ष को समझाइश कर उचित कार्रवाई की बात कही थी लेकिन 3 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे आक्रोशित लोगों ने थाने का दो घंटे तक घेराव कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रतापगढ़ थानाधिकारी विजय तिवाड़ी व डीएसपी के रीडर अजय शर्मा ने ग्रामीणों को एक-दो दिन में आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण मान गए। इस मौके पर प्रतापगढ़ सरपंच मुरारीलाल गुप्ता, पड़ाक छापली सरपंच माधोसिंह भड़ाना, पूर्व जिला पार्षद कप्तान सिंह, रूबिया उपाध्याय, जिला पार्षद दुलीचंद प्रजापत, भैरु लोमोड़ सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
मृतका काजल।
प्रतापगढ़. आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर घेराव करने आए ग्रामीणों को समझाते अधिकारी।