केंद्र सरकार के खिलाफ पोल खोल, हल्ला बोल आंदोलन 23 को
अलवर | केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ एसएफआई, जनवादी महिला समिति, भारत की जनवादी नौजवान सभा, अखिल भारतीय किसान सभा, सीटू समेत कई संगठनों को मिलाकर जन एकता जन अधिकार आंदोलन समिति का गठन किया गया है। अलवर प्रभारी कुसुम साईंवाल ने बताया कि 23 मई को जयपुर में जन एकता जन अधिकार आंदोलन की ओर से केंद्र सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ पोल खोल, हल्ला बोल आंदोलन किया जाएगा। इसमें मोदी सरकार के 2 करोड़ रोजगार देने, कालाधन समाप्त करने, 15 लाख रुपए देने, किसानों की कर्ज मुक्ति करने, महिला उत्पीड़न रोकने, दलितों आदिवासियों व अल्पसंख्यकों पर हमले रोकने और अच्छे दिन लाने के वादे को याद दिलाया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को हुई बैठक में जनवादी महिला समिति से अनीता जाटव व रईसा, एसएफआई से पंकज सांवरिया, सीटू से हरीश महावर व मंगल सिंह, अखिल भारतीय किसान सभा से टेकचंद, ज्ञानचंद खांबरा व रमेश मजोका, भारत की जनवादी नौजवान सभा से मुख्त्यार मौजूद थे। जन एकता जन अधिकार आंदोलन समिति अलवर के विस्तार के लिए समिति की 15 मई को शाम 4 बजे कंपनी बाग में बैठक होगी।