भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर निकाली प्रभात फेरी
दिल्ली दरवाजा स्थित परशुराम भवन में हुए हवन में आहुति देते श्रद्धालु।
भास्कर संवाददाता | अलवर
जिला ब्राह्मण सभा की ओर से भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर आयोजित छह दिवसीय कार्यक्रम के तहत बुधवार को प्रभाती फेरी निकाली गई और परशुराम भवन में हवन का आयोजन हुआ। गुरुवार को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा व विचार गोष्ठी होगी। महामंत्री मानवेंद्र उपाध्याय ने बताया कि राजस्थान ब्राह्मण महासभा की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई। परशुराम भवन में सुबह 10 बजे रामचरित मानस पाठ के समापन के बाद भगवान परशुराम का पंचामृत से अभिषेक किया गया। सर्व समाज की सदबुद्धि व लोक कल्याण के लिए हवन हुआ। कन्याओं को भोजन कराने के बाद भंडारा हुआ। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह 9 बजे ब्राह्मण छात्रावास में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। परशुराम कला मंदिर समिति के तत्वावधान में शाम 6.30 बजे दिल्ली दरवाजा स्थित परशुराम भवन में विचार गोष्ठी होगी। इधर, अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ की ओर से 60 फुट रोड स्थित बाल आश्रय गृह के बच्चों के साथ परशुराम जयंती मनाई गई। मनीष शर्मा व अर्जुन राम शर्मा ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डाला। आश्रय गृह में रहने वाले बच्चों को दूध, फल, बिस्कुट व चॉकलेट बांटी। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव निपुण शर्मा, अश्विनी शर्मा, हिमांशु पाराशर, मोहित शर्मा, रवि शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे। इसी प्रकार अखिल भारतीय ब्राह्मण विकास परिषद की ओर से शाम को मन्नी पर महाआरती की गई। कार्यक्रम संयोजक मुरारी पाराशर ने बताया कि भूमि पाराशर व युविका पाराशर ने आरती की। कार्यक्रम में कुलदीप शर्मा, देवराज शर्मा, राजकुमार शर्मा, आकाश मिश्रा, बिहारी पाराशर सहित अन्य उपस्थित थे। ग्राम दादर बुर्जा में राजस्थान ब्राह्मण महासभा की ओर से परशुराम जन्मोत्सव पर शोभायात्रा निकाली गई। कई जगह शोभायात्रा का स्वागत किया।
धर्म-समाज
अलवर. परशुराम भगवान की प्रतिमा।
राजस्थान ब्राह्मण महासभा की ओर से बुर्जा गांव में निकाली गई शोभायात्रा।