पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • नल में निकल रहे मृत पक्षियों के पंख व गंदगी क्योंकि 4 टंकियों में नहीं हैं जालियां

नल में निकल रहे मृत पक्षियों के पंख व गंदगी क्योंकि 4 टंकियों में नहीं हैं जालियां

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रणजीत नगर में जलदाय विभाग की टंकी का ऊपरी हिस्सा खुला था, इसलिए पिछले दिनों नलों में पानी के साथ मृत पक्षियों व अन्य जंतुओं के अवशेष आ गए थे। इसके बाद इस टंकी में जालियां लगा दी गई हैं। यह समस्या केवल रणजीत नगर की नहीं है बल्कि शहर के अन्य रिहायशी इलाकों की टंकियाें के ऊपरी हिस्से भी खुले हुए हैं। इन इलाकों के लोग भी जाने-अनजाने दूषित पानी पा रहे हैं। इसका खुलासा मंगलवार को दैनिक भास्कर की पड़ताल में हुआ। दैनिक भास्कर की टीम ने जलदाय विभाग की 10 टंकियों का हाल देखा तो इनमें से मालवीय नगर, बैंक कॉलोनी, गांधी नगर व एनईबी की टंकियाें का ऊपरी हिस्सा खुला मिला। लोगों का कहना है कि टंकियां खुली होने की वजह से इनमें पक्षी, जंतू व पेड़ों की पत्तियां समेत अन्य गंदगी गिरती रहती है। यह गंदगी बाद में सप्लाई के साथ नलों के माध्यम से लोगाें के घरों तक पहुंचती है। ऐसा पानी पीकर लोग बीमार हो रहे हैं। इस संबंध में जलदाय विभाग के अधिकारियों से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इन टंकियों में शीघ्र जालियां लगवाई जाएंगी। अब तक इस ओर ध्यान क्यों नहीं दिया? इस सवाल का अधिकारी कोई जवाब नहीं दे पाए।

पानी की टंकियों के ऊपरी हिस्से में जालियां लगवाई जाएंगी। इसके लिए सभी एईएन को आदेश जारी किए जा रहे हैं। रणजीत नगर में जाली लगाने के बाद टंकी को साफ किया गया है। - अमर सिंह, एक्सईएन, जलदाय विभाग

दैनिक भास्कर की टीम ने जलदाय विभाग की 10 टंकियों का देखा हाल, मालवीय नगर, बैंक कॉलोनी, गांधी नगर व एनईबी की टंकियाें का ऊपरी हिस्सा खुला मिला

यहां पांच-सात घरों के लिए एक सरकारी ट्यूबवेल

चेतन एनक्लेव में एक स्थान ऐसा भी है जहां मात्र पांच-सात घरों के लिए एक ट्यूबवेल लगा हुआ है। जैन मंदिर के पीछे स्थित इस सरकारी ट्यूबवेल का लाभ पांच-सात घर ही ले रहे हैं। कॉलोनी के अन्य लोग पानी की समस्या से जूझते रहते हैं। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने की है। इस मामले में जब एक्सईएन अमर सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जलदाय विभाग ने ट्यूबवेल लगवाकर वहां की समिति को सौंपा था। समिति को इस पर ध्यान देना चाहिए। चेतन एनक्लेव को हमने अमृत योजना में शामिल किया है। अभी हमारी सप्लाई वहां नहीं है।

अलवर. बैंक कॉलोनी की जमीनी टंकी का एक हिस्सा टूटा हुआ है।

वाल्व खराब हुआ तो टंकी का पानी पार्क में भरा

स्कीम नंबर दस स्थित पानी की टंकी का वाल्व मंगलवार को खराब होने के कारण क्षेत्र के लोगों को कम पानी मिला, वहीं हजारों लीटर पानी उस पार्क में भर गया, जहां यह टंकी लगी हुई है। मंगलवार सुबह सप्लाई शुरू करने के लिए वाल्व खोला गया तो यह खराब हो गया। जिसके कारण क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं हुई। बाद में जब वाल्व ठीक करने के लिए खोला गया और टंकी से पानी की सप्लाई शुरू की गई तो आधा पानी घरों में पहुंचा और आधा पार्क में भर गया। जेईएन मनोज चौधरी ने बताया कि वाल्व को ठीक कर दिया गया है।

ऐसी है टंकियों की हालत : बैंक कॉलोनी में बनी जमीनी पानी की टंकी के ऊपर बनी सीमेंट व सरिये वाली छत टूटकर गिर गई थी। इसके बाद यहां टीन की छत बनाई गई थी। यह भी क्षतिग्रस्त हो गई है। पक्षी गर्मी से बचने के लिए इस टूटे हिस्से से होकर टंकी के अंदर जाते हैं। कई बार मर जाते हैं तो इनके अवशेष नलों में पानी के साथ घरों में पहुंच जाते हैं। इसी तरह एनईबी हाउसिंग बोर्ड में जमीनी टंकी के ऊपरी भाग में लगी जालियां हट गई हैं। इस टंकी से पानी पंप के माध्यम से ऊपरी टंकी में चढ़ाया जाता है। मालवीय नगर स्थित जमीनी टंकी में भी जालियां टूट गई हैं। ये तीनों टंकियां ऐसी हैं जिनमें पानी इकट्ठा होने के बाद शहर की विभिन्न टंकियों में पहुंचता है। अंधड़ आने पर इनमें पक्षियों के गिरकर मरने की आशंका सबसे अधिक होती है। इसी तरह स्कीम नंबर आठ व स्कीम नंबर चार की ऊपरी टंकियों की जालियां भी क्षतिग्रस्त हैं। यहां कबूतर व अन्य पक्षी बैठते हैं।

खबरें और भी हैं...