सूर्यनगर में गुरुवार को एक निजी हॉस्पिटल के कर्मचारी को नशीला केला खिलाकर बाइक सवार दो युवकों द्वारा डेढ़ लाख रुपए लूटने की वारदात पुलिस जांच में झूठी निकली है। एनईबी थाना पुलिस ने मामले में मूंगस्का निवासी आरोपी भरतलाल शर्मा को गिरफ्तार कर एक लाख 30 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। बाकी 20 हजार रुपए उसने अपने बैंक खाते में जमा करा दिए थे। पुलिस ने यह बैंक खाता सीज करा दिया है।
जांच में पता चला कि जेडी हॉस्पिटल की मेडिकल शॉप के कर्मचारी भरत ने प्लाॅट खरीदने के लिए रकम हड़पने की नीयत से कोटक महिंद्रा बैंक के पास केला खिलाकर डेढ़ लाख रुपए से भरा बैग पार करने की झूठी कहानी रची थी। थानाधिकारी प्रेम बहादुर ने बताया कि वारदात की जांच के लिए एसआई सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम ने भरत को घटनास्थल से उठाकर जेडी अस्पताल लाने वाले कर्मचारियों, कोटक महिंद्रा बैंक कर्मियों सहित वारदातस्थल के आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इनमें लूटपाट के कोई साक्ष्य नहीं मिले। भरत ने केला खाने के बाद जहां छिलका फेंकने की जगह बताई, वहां कोई छिलका नहीं मिला। उसने 2.30 घंटे तक बैंक में पैसे नहीं जमा कराने, घटना के दौरान घर जाने और इंडियन ओवरसीज बैंक के अपने खाते में 20 हजार रुपए जमा कराने की बात छिपा ली। जांच में ये बातें सामने आने पर पुलिस को भरत पर शक हो गया। पुलिस ने जेडी अस्पताल के उसके साथियों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि भरत को प्लाॅट खरीदने के लिए पैसे की जरूरत थी। उसने कई साथियों से पैसे भी मांगे थे। पुलिस ने बताया कि भरत के बयानों में विरोधाभास होने पर उससे कड़ी पूछताछ की गई। इसमें उसने स्वीकार किया कि प्लाॅट खरीदने के लिए पैसे की जरूरत होने के कारण उसने यह योजना बनाई। वारदात को सच बनाने के लिए उसने नींद की गोलियां खा ली। हॉस्पिटल संचालक महेश चंद गर्ग द्वारा कोटक महिंद्रा बैंक में जमा कराने के लिए दिए 1.50 लाख में से 20 हजार रुपए उसने खुद के बैंक खाते में जमा करवा दिए और 1.30 लाख रुपए घर ले जाकर रख दिए। इसके बाद वह कोटक महिंद्रा बैंक के पास पहुंचा और बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा नशीला केला खिलाकर रुपए से भरा बैग लूटने की झूठी कहानी रच ली। बैंक के सामने उसने बेहोशी का नाटक किया। पुलिस ने भरत के बैंक खाते को सीज करवा दिया है। भरत शर्मा जेडी हॉस्पिटल की मेडिकल शॉप पर वर्ष 2013 से सेल्समैन के पद पर कार्यरत था।
अलवर. पुलिस गिरफ्त में भरत लाल शर्मा।