बारिश व अंधड़ से नुकसान के आकलन के लिए सीएम ने दिए निर्देश
जयपुर | दो दिन चले बारिश और अंधड़ के कारण हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।सरकार ने माना है कि बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने के कारण धौलपुर में 13 और भरतपुर 6 लोगों की मृत्यु हुई है। जिलों से मिली सूचना के अनुसार सीकर में 80 हैक्टेयर में सब्जी की फसल खराब होने की जानकारी प्राथमिक तौर पर मिली है। वहीं झुंझुनूं सहित कुछ स्थानों पर फसल की गुणवत्ता पर असर आने की जानकारी मिली है। कृषि मंत्री डॉ. प्रभु लाल सैनी ने बताया कि बारिश व अंधड़ से नुकसान का आकलन करने के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस स्थिति के कारण हुए घायलों का इलाज निशुल्क करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन करने के लिए स्थानीय किसान के साथ बीमा कंपनी के अधिकारी, विभाग के अधिकारी और अन्य स्थानीय अधिकारी भी शामिल होंगे। नुकसान का पुनर्भरण जल्द हो, इसके लिए मुख्यमंत्री गंभीर हैं। डॉ. सैनी ने बताया कि बारिश के कारण चार जिलों की फसलों पर असर आया है। इसमें सीकर जिले में 86,000 हैक्टेयर में गेहूं की बुवाई की गई, जिसमें से 95 प्रतिशत कटाई की व गहाई पूरी हो गई। करीब 80 हैक्टेयर (1.5 प्रतिशत) में नुकसान का अनुमान है। इसी प्रकार झुंझुनूं में 84,600 हैक्टेयर में गेहूं की बुवाई की गई, जिसमें से 98 प्रतिशत में कटाई और गहाई पूरी हो गई। यहां 1600 हैक्टेयर (2 प्रतिशत) में फसल की गुणवत्ता पर असर आने का अनुमान है। वहीं, अलवर में 2,03,829 हैक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई, इसमें से 99 प्रतिशत कटाई गहाई हो गई। ओले शहरी क्षेत्र में पड़े, इसी कारण कोई नुकसान सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और धौलपुर में कटाई के बाद भीगने से गुणवत्ता पर विपरीत प्रभाव पड़ने की सूचना मिली है।